नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर जदयू में मिली-जुली प्रतिक्रिया: कुछ नेता मायूस, कुछ फैसले के समर्थन में

0
4

नई दिल्ली/पटना, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने के बाद जदयू के नेताओं ने अलग-अलग प्रतिक्रिया दी है। जदयू के कुछ नेता नीतीश कुमार के बिहार छोड़ने पर मायूस नजर आए तो कुछ नेताओं ने मुख्यमंत्री के फैसले के साथ खड़े होने की बात की।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय महासचिव हर्षवर्धन सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “उन्होंने (नीतीश कुमार) इतिहास और बिहार को बदलने का काम किया।” हर्षवर्धन सिंह ने आगे कहा कि अगले कई सालों तक बिहार में सिर्फ ‘नीतीश मॉडल’ ही चलेगा और उन्हीं के नाम पर पूरा बिहार चलेगा।

जदयू सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने कहा, “उन्होंने (नीतीश कुमार) जो काम किया है, उसे लोग मानते हैं। बिहार में ऐसा कोई समुदाय या समूह नहीं है जो यह कह सके कि उन्होंने उनके लिए काम नहीं किया है। सीएम नीतीश ने सबके लिए काम किया है।” जदयू सांसद सुनील कुमार ने कहा, “चौथे सदन में शामिल होना मुख्यमंत्री की प्रबल इच्छा थी, और इसी क्रम में उन्होंने आज शपथ ली।”

वहीं, नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ लेने पर जदयू सांसद दिलेश्वर कामैत कहते हैं, “यह कोई खुशी की बात नहीं है? बिहार का हर एक व्यक्ति रो रहा है। लोग कह रहे थे कि आपको (नीतीश कुमार) बिहार में ही रहना चाहिए और बिहार के लिए काम करना चाहिए, और आपको बिहार छोड़कर नहीं जाना चाहिए।”

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रबल इच्छा थी कि वे चौथे सदन (राज्यसभा) में जाकर काम करें। सांसद ने कहा कि नीतीश कुमार हमारे नेता हैं और उनकी बात हमारे के लिए सर्वोपरि है।

जदयू विधायक मनोरमा देवी ने नीतीश कुमार के राज्यसभा शपथ का स्वागत किया। उन्होंने दिल्ली जाने के उनके फैसले का समर्थन किया और उनके निरंतर मार्गदर्शन पर अपना भरोसा जताया। मनोरमा देवी ने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमारे अभिभावक की तरह हैं। राज्यसभा जाने का उनका निजी फैसला था। जदयू के सभी नेता उनके फैसले के साथ खड़े हैं।”

उमेश सिंह कुशवाहा ने निशांत कुमार को जदयू का भविष्य बताया। उन्होंने कहा, “इसमें कोई दोराय नहीं है कि निशांत कुमार ही भविष्य हैं। वे बिहार के साथ-साथ हमारी पार्टी के भविष्य का भी प्रतिनिधित्व करते हैं। वे होनहार, सुशिक्षित और एक युवा नेता हैं।”