निवेश धोखाधड़ी मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, स्वाति रहीम की 39 लाख की संपत्ति कुर्क

0
7

कोच्चि, 18 फरवरी (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कोच्चि क्षेत्रीय कार्यालय ने निवेशकों से कथित धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई की। ईडी ने सेव बॉक्स कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की प्रबंध निदेशक स्वाति रहीम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 17 फरवरी को 39.1 लाख रुपए मूल्य की अचल संपत्ति को अनंतिम रूप से कुर्क कर लिया। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच के दौरान की गई।

ईडी ने जांच की शुरुआत केरल के त्रिशूर सिटी ईस्ट पुलिस स्टेशन में दर्ज चार एफआईआर के आधार पर की थी। इन एफआईआर में स्वाति रहीम और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि कंपनी ने कई निवेशकों को आकर्षक रिटर्न का लालच देकर, कंपनी के शेयर जारी करने, साझेदारी का प्रस्ताव देने और ऑनलाइन बोली लगाने वाले एप्लिकेशन व उससे जुड़े उपक्रमों में फ्रेंचाइजी देने के नाम पर निवेश के लिए प्रेरित किया। बाद में इन निवेशों का दुरुपयोग किया गया।

जांच में सामने आया कि कंपनी ने खुद को भारत की पहली ऑनलाइन बोली लगाने वाली एप्लिकेशन के रूप में प्रचारित किया और बाद में इसे क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग से भी जोड़ा। कंपनी ने जनता से निवेश तो जुटाया, लेकिन तय प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में विफल रही। वर्ष 2022 के अंत तक कंपनी का संचालन बंद हो गया, जिसके बाद कई आपराधिक शिकायतें दर्ज कराई गईं।

ईडी की जांच के मुताबिक, चार विशिष्ट शिकायतकर्ताओं से आंशिक रिफंड के बाद लगभग 39.01 लाख रुपए की अपराध से अर्जित आय (प्रोसीड्स ऑफ क्राइम) उत्पन्न हुई थी। इस राशि को विभिन्न माध्यमों से स्तरित और डायवर्ट किया गया। जांच में यह भी पाया गया कि धन का उपयोग सेलिब्रिटी ब्रांड एंडोर्समेंट, क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग में हुए नुकसान की भरपाई, व्यक्तिगत खर्चों और अन्य उद्देश्यों के लिए किया गया।

ईडी ने बताया कि 39,01,000 रुपए की समकक्ष मूल्य की संपत्ति को 17 फरवरी को जारी प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर के तहत कुर्क किया गया है, जो कथित रूप से अपराध की आय से संबंधित है। जांच एजेंसी के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और आने वाले समय में और भी कार्रवाई संभव है।