ऑस्कर 2026: ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ को मिला सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार, अकेले 6 अवॉर्ड किए अपने नाम

0
9

मुंबई, 16 मार्च (आईएएनएस)। 98वें अकादमी पुरस्कार समारोह में बेस्ट पिक्चर की कैटेगरी में पॉल थॉमस एंडरसन की “वन बैटल आफ्टर अनदर” और “सिनर्स” के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

दोनों की फिल्में नॉमिनेशन की लिस्ट में टॉप-2 में शामिल थी, लेकिन बेस्ट पिक्चर का अवॉर्ड “वन बैटल आफ्टर अनदर” को मिला। खास बात यह भी है कि “वन बैटल आफ्टर अनदर” ने अलग-अलग कैटेगरी में 6 अवॉर्ड अपने नाम किए हैं, और फिल्म को 14 कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया था।

थॉमस पिंचन की ‘वाइनलैंड’ से प्रेरित इस बड़े बजट की कॉमेडी थ्रिलर को बेस्ट पिक्चर का पुरस्कार मिला और साथ ही फिल्म ने बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर अवॉर्ड (शॉन पेन), अडोप्टेड स्क्रीनप्ले, बेस्ट एडिटिंग और कास्टिंग के लिए पहला ऑस्कर पुरस्कार भी जीता। यह किसी भी फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि है। फिल्म के निर्देशक पॉल थॉमस एंडरसन ने अपनी स्पीच में कहा, “मैंने यह फिल्म अपने बच्चों के लिए लिखी है ताकि उस दुनिया में फैली अव्यवस्था के लिए माफी मांग सकूं जिसे हम उन्हें सौंप रहे हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि युवा पीढ़ी समाज में “सामान्य ज्ञान और शालीनता” को वापस लाने में मदद करेगी।

बता दें कि निर्देशक पॉल थॉमस एंडरसन पहले भी ‘बूगी नाइट्स’, ‘देयर विल बी ब्लड’ और ‘फैंटम थ्रेड’ जैसी फिल्मों के लिए पहले भी ऑस्कर के लिए नॉमिनेट हो चुके हैं, लेकिन यह पहली बार है जब उन्हें नॉमिनेट होने के बाद अवॉर्ड से नवाजा गया है। “वन बैटल आफ्टर अनदर” के शॉन पेन ने बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड जीता, लेकिन वे किन्हीं कारणों से अवॉर्ड शो का हिस्सा नहीं बन पाए। हालांकि, उनके न आने पर प्रेजेंटर किरन कल्किन ने मजाक भी बनाया कि “शॉन पेन आज रात यहां नहीं आ सके या आना नहीं चाहते थे।” ऐसा इसलिए क्योंकि शॉन पेन ने अपने सह-कलाकार बेनिसियो डेल टोरो को हराकर खिताब अपने नाम किया।

“वन बैटल आफ्टर अनदर” एक क्राइम-थ्रिलर फिल्म है, जो एक पूर्व क्रांतिकारी बॉब की कहानी है। बॉब 16 साल बाद वापस आए अपने पुराने दुश्मन कर्नल लॉकजॉ से अपनी बेटी विला को बचाने के लिए खतरनाक संघर्ष करता है।