पश्चिम बंगाल में लोकतांत्रिक अधिकारों का लगातार हनन हो रहा है: शमिक भट्टाचार्य

0
15

कोलकाता, 29 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य मुख्यालय पर रविवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष तथा राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य एवं पश्चिम बंगाल विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी मौजूद रहे।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र की मूल आधारशिला विरोध करने का अधिकार है। विपक्ष का यह संवैधानिक अधिकार है कि वह सरकार की गलत नीतियों और कार्यों का विरोध करे तथा उनकी आलोचना करे।

उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में लोकतांत्रिक अधिकारों का लगातार हनन हो रहा है। उन्होंने बताया कि नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को अब तक 104 से अधिक बार रैली और जनसभा आयोजित करने के लिए कोर्ट की अनुमति लेनी पड़ी है। इसके अतिरिक्त उन्हें विधानसभा से 11 महीनों के लिए निलंबित भी किया गया। यह स्थिति राज्य में आम जनता और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की वास्तविक हालत को दर्शाती है।

भट्टाचार्य ने यह भी कहा कि वर्ष 2021 में नंदीग्राम में जीत के बाद भी शुभेंदु अधिकारी पर हमला किया गया और उनकी गाड़ी पर पेट्रोल डालकर जान से मारने की कोशिश की गई।

उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस को नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ उम्मीदवार तक ढूंढने में कठिनाई हो रही है।

भट्टाचार्य ने दोहराया कि शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहते थे। इसी संदर्भ में वे भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं और आज पार्टी कार्यालय में चुनाव चिह्न प्राप्त करने पहुंचे।

उन्होंने 6 मुरलीधर सेन लेन स्थित इस कार्यालय के ऐतिहासिक महत्व पर भी प्रकाश डाला और कहा कि भले ही वर्तमान में अधिकांश गतिविधियां सॉल्ट लेक स्थित कार्यालय से संचालित होती हैं, लेकिन यह कार्यालय पार्टी की ‘आत्मा’ और ‘प्राण’ है। उन्होंने बताया कि इस कार्यालय में हरिपद भारती, तपन शिकदर सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने कार्य किया है।

आज पार्टी का चुनाव चिह्न प्राप्त करने के बाद शुभेंदु अधिकारी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, जिसके पश्चात वे भवानीपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

वहीं, शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की कि सोमवार दोपहर 12 बजे वे हल्दिया में नंदीग्राम विधानसभा सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, उत्तर प्रदेश के मंत्री जेपीएस राठौर तथा हल्दिया और महिषादल के पार्टी उम्मीदवार भी उपस्थित रहेंगे।