पश्चिम बंगाल चुनाव: पीएम मोदी की रैली को लेकर पूर्वी बर्धमान की जनता में दिखा उत्साह, महिलाओं ने जाहिर की खुशी

0
4

पूर्वी बर्दवान, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वी बर्धमान के कालना धात्रीग्राम स्थित शिमलन मैदान में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस रैली को लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह है। बड़ी संख्या में यहां की जनता प्रधानमंत्री मोदी को सुनने का इंतजार कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा से पहले पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में जुट रहे हैं और तैयारियां जोरों पर हैं। एक स्थानीय महिला ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “उन्हें देखकर और सुनकर अच्छा लगता है। हम लोग रैली में समर्थन देने पहुंचे हैं।”

भाजपा समर्थक ने भी अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि वे पीएम मोदी को यहां देखने और सुनने के लिए पहुंची हैं। उन्हें रैली में आकर अच्छा लग रहा है। इसी तरह एक अन्य महिला कार्यकर्ता ने अपनी खुशी जाहिर की।

बता दें कि शनिवार को पीएम मोदी पश्चिम बंगाल के तूफानी दौरे पर हैं। उनकी पहली रैली पूर्वी बर्धमान में होगी। इसके बाद, वे जंगीपुर और दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालुरघाट में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इन कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मोदी के शाम को सिलीगुड़ी जाने की संभावना है, जहां वे चल रहे चुनाव प्रचार अभियान के तहत रविवार को एक रोड शो करेंगे।

ये कार्यक्रम एक व्यापक और गहन चुनाव प्रचार योजना का हिस्सा है, जिसके तहत प्रधानमंत्री इस चुनाव अवधि के दौरान राज्य भर में लगभग 14 रैलियों को संबोधित करेंगे। असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद पीएम मोदी ने अपना पूरा फोकस पश्चिम बंगाल पर किया है।

इससे पहले, 9 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी ने हल्दिया, आसनसोल और सिउरी में तीन रैलियों को संबोधित किया था, जहां उन्होंने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखे हमले किए थे।

पश्चिम बंगाल में भाजपा सत्तारूढ़ टीएमसी को कड़ी टक्कर दे रही है। यहां 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में वोट डाले जाएंगे, जबकि 4 मई मतगणना होगी।