कोलकाता, 6 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एसआईआर विरोध पर तंज कसते हुए भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि उन्हें सत्ता का नशा हो गया है और वे जनता के हित की बातों को छोड़कर घुसपैठियों के पक्ष में आ गई हैं।
कोलकाता में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “मैं पश्चिम बंगाल के लोगों से कहना चाहता हूं कि इस चुनाव में राज्य ममता बनर्जी से बचाएं, क्योंकि ममता बनर्जी अवैध घुसपैठियों के सपोर्ट में खड़ी हैं।”
उन्होंने कहा कि मुझे कुछ कहने की जरूरत नहीं है। पश्चिम बंगाल के लोग देख रहे हैं। ममता बनर्जी हो या फिर कोई और जो भी एसआईआर का विरोध करता है, उसे गैर-कानूनी वोटिंग का समर्थन करने वाला समझा जाना चाहिए।
भाजपा सांसद ने कहा कि एसआईआर हर साल चुनाव में होने वाली प्रक्रिया है। जो व्यक्ति संसार में नहीं रहा है, उसका नाम वोटर लिस्ट में नहीं रहना चाहिए। भारत का नागरिक ही वोट दे सकता है। भारत में घुसपैठिया वोटर नहीं हो सकता है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने जो संविधान लिखा है, उसमें भारत का नागरिक ही वोट कर सकता है, लेकिन इसका विरोध ममता बनर्जी कर रही हैं। अब पश्चिम बंगाल के लोगों को सच्चाई पता चलेगी कि ममता बनर्जी, जो चुनाव में अब तक जीत हासिल कर रही थीं, वे सिर्फ फर्जी मतदाता के आधार पर थीं।
भाजपा सांसद ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि होती है, जिसे वह चुनती है वह सरकार बनाती है, लेकिन ममता बनर्जी तो घुसपैठियों के दम पर सत्ता में फिर आना चाहती है। चुनाव आयोग वोटर लिस्ट को दुरुस्त कर रही है तो ममता बनर्जी को दिक्कत क्यों हो रही है? ममता बनर्जी फर्जी मतदान क्यों कराना चाहती है। अगर एसआईआर प्रक्रिया से किसी का वोट कटा है तो उसे जुड़वाने का प्रावधान भी है। चुनाव आयोग इसे लेकर भी वोटरों को जागरूक कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार आएगी और जाएगी। जनता का हित सर्वोपरि रहना चाहिए, लेकिन बंगाल में हिन्दुओं पर हमले होते हैं और सरकार एक्शन लेने के बजाय हमलावरों का संरक्षण देती है।
भाजपा सांसद ने कहा कि मैं इस बार जनता से अपील करूंगा कि बंगाल को बचाने के लिए आगे आएं। भाजपा को बंगाल सुधारने के लिए एक मौका जरूर दें।

