‘बंगाल चुनाव में सोच समझकर वोट डाले,’ मैथिली ठाकुर ने ममता सरकार पर साधा निशाना

0
4

पटना, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के विकास पर खुलकर बात की। विधायक का कहना है कि बिहार के विकास में नीतीश कुमार का बड़ा हाथ है और बिहार हमेशा उनके नेतृत्व पर काम करेगा।

इसके साथ ही उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक, विपक्ष की आलोचना और पश्चिम बंगाल सहित आगामी चुनावों पर भी अपनी राय रखी।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव पर भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, “पश्चिम बंगाल में सब कुछ भ्रष्ट है, और मैं यही कहूंगी कि अगर आप बदलाव चाहते हैं तो सोच-समझकर वोट डालें। भाजपा का कार्यकर्ता होने के नाते मैं यह जानती हूं कि जमीनी स्तर पर सभी लोग मेहनत करते हैं और जनता की सेवा में लगे हैं। मैं खुद विश्वास दिलाती हूं कि भाजपा लोगों के लिए बहुत मेहनत करती है और आगे भी करेगी।”

उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक पर कहा, “यह एक ऐतिहासिक कदम है। महिलाएं हमेशा से सशक्त रही हैं, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री मोदी का यह कदम उनकी राजनीतिक उपस्थिति को बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है। यह एक ऐसा निर्णय है जिसे इतिहास हमेशा याद रखेगा। मैं खुद को भी बहुत भाग्यशाली मानती हूं क्योंकि अपने राजनीतिक सफर में इन सभी ऐतिहासिक निर्णयों की साक्षी बन रही हूं। पीएम मोदी के नेतृत्व में हम महिलाओं के लिए ऐसे ही नए-नए आयामों पर काम करेंगे।”

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक ऐसा बिल है, जिसे लेकर मुझे नहीं लगता कि विपक्ष को आपत्ति होनी चाहिए क्योंकि यह महिलाओं के उत्थान की बात है, जो देश के विकास से जुड़ा है।

वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के विकास के सवाल पर विधायक ने कहा, “मैं सीएम नीतीश कुमार को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। बिहार हमेशा उनके मार्गदर्शन का अनुसरण करता रहेगा। पहले भी वे लोकसभा का हिस्सा रहे चुके हैं, लेकिन अब राज्यसभा से नई पारी की शुरुआत की है, उसके लिए ढेर सारी शुभकामनाएं। बिहार हमेशा उनके मार्गदर्शन पर चलता रहेगा।”

उन्होंने आगे कहा, “सीएम नीतीश कुमार से बहुत सारे लोगों की भावना जुड़ी है क्योंकि उन्होंने बहुत लंबा सफर तय किया है। अब जो भी अगला सीएम होगा, उनसे भी यही उम्मीद करेंगे कि वे भी नीतीश कुमार की तरह बिहार के विकास पर काम करेंगे।”