नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। महिला आरक्षण बिल को लेकर पीएम मोदी द्वारा सभी विपक्षी दलों को लिखे गए पत्र का भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आधी आबादी को 33 फीसदी आरक्षण महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक फैसला साबित होगा।
नई दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि मेरा मानना है कि महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए यह कदम बहुत पहले उठाया जाना चाहिए था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश कई ऐतिहासिक फैसले ले रहा है। नकवी ने अफसोस जताते हुए कहा कि कुछ पार्टियां इस मुद्दे पर भी अड़चनें डालने और शर्तें थोपने की साजिश कर रही हैं।
उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वे बाधा डालने के बजाय महिला आरक्षण के मामले में सरकार का साथ दें।
गायिका आशा भोसले के निधन पर उन्होंने गहरा शोक व्यक्त किया। नकवी ने कहा कि आशा भोसले एक महान गायिका के साथ-साथ बेमिसाल शख्सियत भी थीं।
उन्होंने कहा कि मैं उनसे कई बार मिला हूं, उनके घर गया हूं और कई मुलाकातें की हैं। उनकी अद्वितीय शख्सियत की कोई तुलना नहीं की जा सकती। संगीत के क्षेत्र में उन्होंने भारतीय गीत-संगीत की विरासत को बेहद समृद्ध किया। उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती।
नकवी ने याद करते हुए कहा कि नई या पुरानी कोई भी पीढ़ी आशा भोसले के गीतों को कभी नहीं भूलेगी।
उन्होंने कुछ प्रसिद्ध गीतों का जिक्र करते हुए कहा कि ‘दिल चीज क्या है, आप मेरी जान लीजिए’ और ‘बरेली के बाजार में झुमका गिरा रे’ जैसे गीत आने वाली हर पीढ़ी याद रखेगी।
भाजपा नेता ने कहा कि आरएसएस के बारे में फैलाई जा रही गलतफहमियां खुद कांग्रेस को नुकसान पहुंचा रही हैं।
उन्होंने कहा कि दशकों से संघ ने ऐसे गलत प्रचार और शरारती साजिशों को सहा है, लेकिन वह राष्ट्र-निर्माण के काम में आगे बढ़ता रहा है और आगे भी बढ़ता रहेगा। जो लोग संघ के खिलाफ भ्रम फैलाते हैं, उनकी राजनीतिक दुकान इसी से चलती है।
इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच हुई लगभग 21 घंटे की बातचीत पर नकवी ने कहा कि भारत हमेशा शांति और समृद्धि का पक्षधर रहा है। उन्होंने कहा कि शांति केवल बातचीत के जरिए ही स्थापित हो सकती है, और भारत शुरू से ही इसी बात पर जोर देता रहा है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा पहुंचने और नए मुख्यमंत्री के चुनाव पर नकवी ने कहा कि विपक्ष द्वारा की जा रही टिप्पणियां उचित नहीं हैं। उन्होंने नीतीश कुमार की राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा बिहार पर कब्जे की बात सही नहीं है। नीतीश कुमार के लिए ऐसी भाषा बोलना ठीक नहीं है।

