पीएम मोदी लगातार महिलाओं को सक्षम बनाने की कोशिश कर रहे : आरपी सिंह

0
3

नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को जल्द लागू करने के लिए सभी राजनीतिक दलों से समर्थन मांगा है। उन्होंने विपक्षी दलों को पत्र लिखकर अपील की कि देश की बेटियों, बहनों और महिलाओं को राजनीतिक सशक्तीकरण का मौका मिले। भाजपा प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने रविवार को मोदी सरकार को महिलाओं के हित के लिए काम करने वाली सरकार बताया।

उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं कि देश की महिलाएं सबल हों, उन्हें आरक्षण मिले। वे देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने लाल किले की प्राचीर से शौचालयों का मुद्दा उठाया और देश में लगभग 14 करोड़ शौचालय बनवाए। पहली बार 44 करोड़ से ज्यादा गैस चूल्हे दिए गए, घरों तक पानी के पाइप पहुंचाए गए।

‘ड्रोन दीदी’ और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं से 3 करोड़ महिलाओं को रोजगार मिला। इसलिए प्रधानमंत्री लगातार महिलाओं को सक्षम बनाने की कोशिश कर रहे हैं और सभी दलों से इस बिल का समर्थन करने की अपील की है।

भाजपा प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पत्र पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, “खड़गे ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर कुछ मुद्दे उठाए हैं और दावा किया है कि विपक्ष को विश्वास में नहीं लिया जा रहा है। असल में खड़गे इस बिल का विरोध कर रहे हैं। वे नहीं चाहते कि यह बिल पास हो। उनके गठबंधन के साथी राजद और सपा पहले से ही इस बिल के खिलाफ रहे हैं और अब भी हैं।”

भाजपा नेता ने राहुल गांधी के भाजपा और आरएसएस पर अंबेडकर की विचारधारा कुचलने के आरोप पर कहा, “कांग्रेस पार्टी ने खुद डॉ. अंबेडकर के खिलाफ चुनाव लड़ा। आज वे हम पर आरोप लगा रहे हैं कि हम अंबेडकर की विचारधारा के खिलाफ हैं। आर.पी. सिंह ने कहा कि अगर देश में खुशहाली है, सभी जातियों का ध्यान रखा जा रहा है, तो यह चिंता मोदी और भाजपा कर रही है, न कि कांग्रेस।”

बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नीतीश कुमार पर दिए हालिया बयान पर भाजपा नेता ने कहा, “तेजस्वी यादव की जितनी उम्र है, उससे दोगुना नीतीश कुमार का राजनीतिक करियर है। नीतीश कुमार पर कोई दबाव नहीं बना सकता। बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह फैसला नीतीश कुमार खुद करेंगे।”

पश्चिम बंगाल पर बोलते हुए नेता ने ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “बंगाल में नौकरियों में भ्रष्टाचार है। हर मंत्री 50 करोड़ कमाता है। कई मंत्री और सांसद जेल जा चुके हैं। महिलाओं के साथ बुरा बर्ताव भी आम है।”

उन्होंने एलपीजी की आपूर्ति को लेकर कहा, “एलपीजी सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। पहले 55 लाख सिलेंडरों की खपत होती थी, अब 52 लाख की मांग पूरी की जा रही है। सरकार इस मांग को लगातार पूरा करती रहेगी।”