इंदौर, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने देश में पांच मेडिकल हब को विकसित करने का लक्ष्य रखा है। इन पांच मेडिकल हब में इंदौर को शामिल कराने का हमारा प्रयास है।
विधायक गोलू शुक्ला के बयान पर विवाद होने को लेकर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि वंदे मातरम् का जो लोग अपमान करने का दुस्साहस करते हैं, वे वास्तव में देश का अपमान करते हैं। वंदे मातरम् देश की गौरव गाथा का बखान है। वंदे मातरम् को उस वक्त रचा गया, जब देश को एकजुट करने की आवश्यकता पड़ी थी। वंदे मातरम् के गायन से देश में एक ज्वार पैदा हो गया था।
उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् गीत का अगर कोई अपमान करता है तो उसको ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। प्रधानमंत्री ने वंदे मातरम् को लेकर लोकसभा में लंबा वक्तव्य दिया और सर्कुलर जारी किया कि वंदे मातरम् को एक-दो लाइन गाकर खत्म नहीं करना है। राष्ट्रगान की तरह वंदे मातरम् को पूरा गाने की परंपरा शुरू की गई है। वंदे मातरम् का विरोध करने वाले लोगों की मानसिकता अच्छी नहीं है।
यूसीसी को लेकर राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि भाजपा का यही मुद्दा बचा है, जिसको लागू करना है। अनुच्छेद 370 खत्म हुआ, श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला का भव्य मंदिर बन गया, एनआरसी लागू हो गया। अब आने वाले दिनों में यूसीसी को लागू होते देखेंगे।
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश की महिलाओं को सशक्त करने का निर्णय लिया है।
विधायक गोलू सिंह ने कहा था कि वंदे मातरम् नहीं गाने का विरोध करना दुर्भाग्य की बात है। वंदे मातरम् राष्ट्रीय गीत है।

