प्रचंड बहुमत के साथ बंगाल में एनडीए की सरकार बनेगी : राजेश वर्मा

0
7

नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। लोजपा (रामविलास) सांसद राजेश वर्मा ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए सरकार बनाएगी।

चुनाव आयोग ने रविवार को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों की घोषणा कर दी है। बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए दो चरण में मतदान कराए जाएंगे। चुनाव आयोग के अनुसार, पहला चरण 23 अप्रैल को और दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा। 4 मई को वोटों की गिनती होगी।

आईएएनएस से बातचीत में सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि हम बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनाने जा रहे हैं। मैं इन पांचों राज्यों के सभी मतदाताओं को ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं। और हमें उम्मीद है कि सभी लोग अपने राज्य के विकास को ध्यान में रखते हुए इस चुनाव में अपना योगदान देंगे और एनडीए की बहुमत वाली सरकार बनाने के लिए काम करेंगे ताकि राज्य और केंद्र मिलकर प्रदेश का विकास कर सकें।

कांग्रेस के भविष्य पर तंज कसते हुए लोजपा (रामविलास) सांसद ने कहा कि कांग्रेस पर लोगों का भरोसा कम होता दिख रहा है। इसकी वजह कांग्रेस का नेतृत्व है, जो इसके लिए जिम्मेदार है। मुझे लगता है कि इस बार बड़ा परिवर्तन तमिलनाडु और केरल में देखने को मिलेगा। असम में भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निशाने पर लेते हुए लोजपा (रामविलास) सांसद ने कहा कि यह बिल्कुल साफ है कि मुख्यमंत्री खुद भ्रष्ट लोगों को बचाने के लिए सड़कों पर उतर आती हैं। इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण और क्या हो सकता है। मुख्यमंत्री असंवैधानिक शब्दों का इस्तेमाल करें, खुलेआम धमकी देने का काम करें, और उनकी पार्टी के कार्यकर्ता एनडीए के कार्यकर्ता को मारने की धमकी दें। उन पर जानलेवा हमला करें, सारी कोशिश करने के बावजूद ममता दीदी की वापसी नहीं होने जा रही है। प्रचंड बहुमत के साथ बंगाल में एनडीए की सरकार बनेगी। हम सभी एनडीए के घटक दल के लोग चुनाव में शत-प्रतिशत योगदान देने के लिए तैयार हैं।