नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को धार्मिक त्योहार थाई पूसम के शुभ अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने भगवान मुरुगन से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान मुरुगन की कृपा सभी पर सदा बनी रहे और उनका आशीर्वाद लोगों को अच्छे स्वास्थ्य, सफलता और खुशहाली की ओर मार्गदर्शन करता रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी थाई पूसम की बधाई साझा की। उन्होंने तमिल भाषा में भगवान मुरुगन का जयघोष करते हुए लिखा, “वेत्रिवेल मुरुगनुकु अरोगारा!” इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस पवित्र अवसर पर वे सभी को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं और प्रार्थना करते हैं कि भगवान मुरुगन की कृपा सभी पर बनी रहे।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के जालंधर में संत रविदास जी की 649वीं जयंती समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज माघ पूर्णिमा की पवित्र तिथि है। श्री गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती का पावन अवसर है। इस पुण्य पर्व पर आज मुझे आप सभी के बीच आने का सौभाग्य मिला है। मैं इस पवित्र मंच से श्री गुरु रविदास जी को प्रणाम करता हूं और आप सभी को और सभी देशवासियों को संत रविदास जयंती और माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देता हूं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी ने हमें सेवा का जो मार्ग दिखाया है, उस प्रेरणा को इससे और ऊर्जा मिली है। मैं इस स्नेह के लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। अबसे थोड़ी देर पहले संत रविदास जी के नाम पर आदमपुर एयरपोर्ट का नया नामकरण हुआ है। आदमपुर एयरपोर्ट को अब श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट के नाम से जाना जाएगा। इसके अलावा हलवारा एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन हुआ है।

