प्रधानमंत्री मोदी ने भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का किया उद्घाटन

0
4

नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन किया।

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं और प्रौद्योगिकी उत्साही लोगों के बीच उपस्थित होना आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, भारतीय प्रतिभा और नवाचार की असाधारण क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एआई के क्षेत्र में भारत की प्रगति न केवल देश के लिए बदलावकारी समाधान तैयार करेगी, बल्कि वैश्विक विकास में भी योगदान देगी।

पीएम मोदी ने एक्सपो पर एक्स पोस्ट कर कहा, “भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन किया। यहां नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं और तकनीक प्रेमियों के बीच रहकर एआई, भारतीय प्रतिभा और नवाचार की असाधारण क्षमता की झलक मिलती है। हम मिलकर ऐसे समाधान तैयार करेंगे जो केवल भारत के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लिए होंगे।”

इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 पांच दिन तक चलने वाला है। इसमें 100 से अधिक सरकारी प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिनमें 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख तथा 60 मंत्री और उप मंत्री शामिल हैं। इसके साथ ही सीईओ, संस्थापक, शिक्षाविद, शोधकर्ता, सीटीओ और परोपकारी संगठनों सहित 500 से अधिक वैश्विक एआई लीडर्स भी शामिल होंगे।

शिखर सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण तीन प्रमुख वैश्विक प्रभाव चुनौतियां हैं—एआई फॉर ऑल, एआई बाय हर, और युवाआई—जिनका समापन फाइनलिस्टों की घोषणा और ग्रैंड फिनाले शोकेस के साथ होगा। इन चुनौतियों के लिए 60 से अधिक देशों से 4,650 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और उद्योग जगत के नेताओं द्वारा किए गए गहन बहुस्तरीय मूल्यांकन के बाद, तीनों श्रेणियों में शीर्ष 70 टीमों को फाइनलिस्ट के रूप में चुना गया है।

तीनों श्रेणियों में शीर्ष 70 टीमों के फाइनलिस्ट 16 और 17 फरवरी को भारत मंडपम और सुषमा स्वराज भवन में आयोजित होने वाले भव्य समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में अपने समाधान प्रस्तुत करेंगे।