नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब धमाके को लेकर केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि पंजाब की कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती चली जा रही है। इनके मंत्री अधिकारियों के साथ बदतमीजी करते हैं, बाद में पकड़े जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे का कारोबार बढ़ गया है। पंजाब का युवा नशे में लगातार शामिल होता चला जा रहा है, क्योंकि पंजाब सरकार इसको लेकर कुछ नहीं कर रही है। अब चंडीगढ़ में धमाका होना सरकार पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। मैं इसकी निंदा करता हूं और पंजाब सरकार को आगाह करता हूं कि पंजाब की जनता भी दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार की तरह बाहर का रास्ता दिखाएगी।
भाजपा के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय के बाहर धमाका होना दुर्भाग्यपूर्ण है। राज्य सरकार को और अधिक सतर्कता बरतनी होगी। केंद्र सरकार जरूरत के अनुरूप हमेशा सहायता करती है। कुछ तत्व ऐसे हैं जो पंजाब में शांति नहीं चाहते।
सीएपीएफ बिल पारित होने को लेकर दिनेश शर्मा ने कहा कि सीएपीएफ बिल आज ध्वनिमत से पास हुआ है। इस बिल के पास होने से अर्धसैनिक बलों को एक नया जोश मिलेगा। उनकी जो छोटी-मोटी विषमताएं थीं, अलग-अलग कानून के कारण परेशानियां थीं, उनमें समानता आई है। सरकार उनकी समृद्धि को आगे ले जाने के लिए कृत संकल्प है।
चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय के बाहर ब्लास्ट को लेकर भाजपा नेता चेतन जोशी ने कहा कि आप जो देख रहे हैं, वह हमारे दफ़्तर के बाहर हुआ एक धमाका है। हमारे पार्टी कार्यकर्ता अंदर थे, अपना काम कर रहे थे और पूरा सहयोग दे रहे थे। सबसे दुख की बात यह है कि भारतीय जनता पार्टी को ही खास तौर पर निशाना क्यों बनाया जा रहा है?
पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और घोर निंदनीय है। भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा देश की एकता और अखंडता की बात की है, और यही वजह है कि देश की एकता को कमजोर करने की चाह रखने वाली ताकतों ने लगातार भाजपा को निशाना बनाया है।


