चंडीगढ़, 10 मार्च (आईएएनएस)। शिरोमणि अकाली दल की विधायक बीबी गनीव कौर मजीठिया ने मंगलवार को पंजाब विधानसभा में महिलाओं के सम्मान और मुख्यमंत्री की कथित अभद्र टिप्पणियों का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। उन्होंने सदन में कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वाली आम आदमी पार्टी की महिला विधायक और अन्य सदस्य पहले यह स्पष्ट करें कि क्या वे मुख्यमंत्री की उन टिप्पणियों की निंदा करेंगे, जिनमें महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है।
बीबी गनीव कौर मजीठिया ने आरोप लगाया कि भगवंत मान अपने भाषणों में बार-बार महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सदन में कोई सदस्य इस पर आपत्ति जताएगा और मुख्यमंत्री की आलोचना करेगा। बीबी मजीठिया ने आंगनवाड़ी वर्कर्स के साथ किए गए व्यवहार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी महिलाओं के साथ जिस तरह का व्यवहार हुआ है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए।
सदन में उस समय माहौल गरमा गया जब स्पीकर द्वारा बोलने का मौका दिए जाने के बाद सत्ताधारी पार्टी के कुछ विधायक हंसने लगे। इस पर बीबी गनीव कौर मजीठिया ने कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि अगर स्पीकर ने मेरा नाम लेकर मुझे बोलने का मौका दिया है, तो आम आदमी पार्टी के विधायक क्यों हंस रहे हैं? क्या सदन में महिलाओं की ऐसी ही इज्जत की जाती है? इस दौरान आम आदमी पार्टी के कई विधायक खड़े होकर बीबी मजीठिया से बहस करने लगे, लेकिन उन्होंने अकेले ही सभी विधायकों के सवालों का जवाब देते हुए अपनी बात मजबूती से रखी। स्थिति इतनी गर्म हो गई कि आखिरकार उनका माइक बंद कर दिया गया।
बीबी गनीव कौर मजीठिया ने पंजाब महिला आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग से मांग की है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ सू मोटो कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि वीडियो में मुख्यमंत्री के बयान यह दिखाते हैं कि महिलाओं के प्रति उनके मन में कितना सम्मान है। बीबी मजीठिया ने कहा कि भारतीय संविधान महिलाओं को बराबरी और सम्मान का अधिकार देता है, इसलिए इस मामले में स्वतः संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।

