राहुल गांधी पूर्वजों की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं: उदित राज

0
7

नई दिल्ली, 17 फरवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता उदित राज ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लायक नेता बताते हुए कहा कि वे उन लोगों में से हैं, जो पूर्वजों की विरासत को बर्बाद नहीं करते हैं, बल्कि उसे बचाते हैं और आगे बढ़ाते हैं।

उदित राज का बयान उस वक्त आया है, जब पूर्व कांग्रेसी नेता नवजोत कौर सिद्धू ने राहुल गांधी के बारे में कहा कि वे गांधी परिवार की मानसिकता से बंधे हुए लगते हैं।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में उदित राज ने कहा कि राहुल गांधी स्वयं कहते हैं कि मैं पॉलिटिकल परिवार से आता हूं। यह एक बात है। दूसरी बात यह है कि उनके बारे में टिप्पणी करने वाले नेता पहले अपनी हैसियत देख लें, तब तुलना करें। यह भी होता है कि बहुत अच्छी विरासत मिलने के बाद भी लोग गड्ढे में चले जाते हैं। मुगलों का क्या हुआ, बड़े-बड़े राजाओं का क्या हुआ, बड़े-बड़े पॉलिटिकल फैमिलीज थीं इंडिया में, उनका क्या हुआ? तो अगर औलाद नालायक हो, तो मां-बाप की भी विरासत बर्बाद कर देती है। राहुल गांधी लायक हैं। वे अपने पूर्वजों की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।

कांग्रेस नेता उदित राज ने मणिशंकर अय्यर के बयान पर कहा कि कोई भी चुनाव लड़ने के लिए आजाद है। पार्टी के प्रति समर्पण, सदस्यता, धरना-प्रदर्शन और कार्यकर्ताओं से मिलना—इन सभी चीजों को देखकर प्रत्याशी तय किया जाता है।

राहुल गांधी को लेकर पूर्व कांग्रेसी नेता नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि मैं राहुल गांधी को समझ नहीं पाती हूं, क्योंकि वह अभी उस स्तर पर नहीं पहुंचे हैं, जहां वे सभी के साथ समान व्यवहार करें और बातचीत के लिए खुले रहें। वे अभी गांधी परिवार की मानसिकता से बंधे हुए लगते हैं, जहां उनके पास उन लोगों को सुनने का समय नहीं है जो वास्तव में उनके शुभचिंतक हैं और उन्हें मार्गदर्शन देने की कोशिश कर रहे हैं। अगर किसी से मिलने में आठ महीने लग जाते हैं, तो मुझे लगता है कि यह सही नहीं है। एक नेता को हर किसी से मिलना चाहिए, खासकर उनसे जो ईमानदार हों और रचनात्मक सलाह दे रहे हों। अगर आप इसे सुनने के लिए तैयार नहीं हैं, तो यह आपकी मर्जी है।