कोलकाता, 7 मार्च (आईएएनएस)। डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक अनुभव देने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे ने ऑल-इन-वन मोबाइल एप्लिकेशन रेलवन को लोकप्रिय बनाने के लिए सप्ताह-व्यापी विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान अब अपने दूसरे दिन में प्रवेश कर गया है।
पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देऊस्कर के आह्वान पर सभी रेल मंडलों और कारखानों में प्रमुख स्टेशनों तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर इस ऐप के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यात्रियों को ‘रेलवन’ ऐप डाउनलोड करने और इसका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि रेलवे से जुड़ी कई सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकें और यात्रियों की यात्रा अधिक सुविधाजनक बन सके।
अभियान के तहत शनिवार को हावड़ा मंडल के हावड़ा रेलवे स्टेशन, रामपुरहाट रेलवे स्टेशन, बंदेल रेलवे स्टेशन और बर्धमान रेलवे स्टेशन पर विशेष प्रचार कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां यात्रियों को ‘रेलवन’ मोबाइल ऐप की विशेषताओं और उसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों को बताया कि यह ऐप रेलवे की विभिन्न सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराता है, जिससे यात्रा योजना बनाना, ट्रेन की जानकारी प्राप्त करना और अन्य सेवाओं का लाभ उठाना काफी आसान हो जाता है।
इसी प्रकार का प्रचार अभियान सियालदह मंडल के सियालदह रेलवे स्टेशन, दमदम रेलवे स्टेशन, सोदपुर रेलवे स्टेशन, बैरकपुर रेलवे स्टेशन, नैहाटी रेलवे स्टेशन और कांचरापाड़ा रेलवे स्टेशन में भी चलाया गया। वहीं, मालदा मंडल के मालदा टाउन रेलवे स्टेशन, साहिबगंज रेलवे स्टेशन, भागलपुर रेलवे स्टेशन और जमालपुर रेलवे स्टेशन और आसनसोल मंडल के आसनसोल जंक्शन रेलवे स्टेशन, दुर्गापुर रेलवे स्टेशन और जसीडीह जंक्शन रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों को ऐप के बारे में जागरूक किया गया।
अभियान को और गति तब मिली जब भारत स्काउट्स और गाइड्स के स्वयंसेवक भी इसमें शामिल हो गए। उन्होंने यात्रियों, रेल उपयोगकर्ताओं और रेलवे कर्मचारियों के बीच जाकर यह संदेश फैलाया कि डिजिटल युग में डिजिटल सेवाओं को अपनाना समय की आवश्यकता है और रेलवन ऐप इसका एक बेहतर माध्यम है।
रेल अधिकारियों के अनुसार ‘रेलवन’ एक सुपर ऐप है, जिसके माध्यम से यात्रियों को कई सुविधाएं एक ही जगह पर मिलती हैं। इस ऐप के जरिए यात्री लोकल और एक्सप्रेस ट्रेन के टिकट या प्लेटफॉर्म टिकट कुछ ही सेकंड में बुक कर सकते हैं। इसके अलावा लाइव ट्रेन स्टेटस देखना, कोच पोजिशन और पीएनआर स्टेटस जांचना, यात्रा के दौरान भोजन ऑर्डर करना और रेल मदद के माध्यम से सहायता प्राप्त करना भी संभव है।
पूर्व रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अलग-अलग ऐप का उपयोग करने के बजाय एक ही प्लेटफॉर्म ‘रेलवन’ ऐप को अपनाएं, ताकि रेलवे सेवाओं का लाभ अधिक तेज, आसान और प्रभावी तरीके से मिल सके।

