रांची, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर देशभर में भक्तों में खास उत्साह देखा जा रहा है। चैत्र पूर्णिमा के दिन हनुमान जी का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। झारखंड की राजधानी रांची के अलग-अलग हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्त पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए उमड़े।
प्राचीन मंदिर में गोपाल कुमार सोनी ने आईएएनएस के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने सभी को शुभकामानाएं देते हुए कहा, “हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर सभी लोग हनुमान जी का आशीर्वाद लेने आए हैं। हम यही कामना करते हैं कि हनुमान जी की कृपा सब पर बनी रहे।”
एक अन्य श्रद्धालु ने कहा, “आज के दिन उनका जन्मोत्सव मनाते हैं और पूजा करते हैं। हनुमान जी सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं।”
अन्य श्रद्धालु ने कहा, “पूर्णिमा के दिन उनका जन्म हुआ था। मैं अपने परिवार और पूरे देशवासियों की खुशहाली की कामना करता हूं। सभी को शुभकामनाएं।”
वहीं, जोधपुर में भी हनुमान जन्मोत्सव का उत्साह देखने को मिला। रतनाड़ा के शिव मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। यात्रा के दौरान सुंदर धार्मिक झांकियां दिखाई गईं और देश-दुनिया में शांति तथा समृद्धि के लिए प्रार्थनाएं की गईं।
इस मौके पर मनीषा पंवार, ओमकार वर्मा और कुंती देवड़ा ने भी अपने विचार साझा किए।
कुंती देवड़ा ने कहा, “हम सभी त्योहारों का स्वागत करते हैं। चाहे वह गणगौर हो या फिर कोई अन्य पर्व हो। हम यही चाहते हैं कि भारत में चैन और अमन बना रहे। दुनिया में युद्ध की आशंका है। ईरान, इजरायल और अमेरिका जैसे देशों में तनाव है। ऐसे में संकट मोचन हनुमान जी का आशीर्वाद सब पर बना रहे। युद्ध टले और देश-विदेश में शांति बनी रहे।”
ओमकार वर्मा ने भी अपनी बात को रखते हुए कहा, “हनुमान जन्मोत्सव की सभी को शुभकामनाएं। हनुमान जी संकच मोचन के नाम से प्रसिद्ध हैं। आज पूरे विश्व में छोटे-बड़े संकट आए हुए हैं। हम राम भक्त हनुमान से प्रार्थना करते हैं कि वे सभी संकट दूर करें।”
मनीषा पंवार ने बताया, “हनुमान जन्मोत्सव की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। आज शिव मंदिर रतनाड़ा से सर्किट हाउस के प्राचीन मंदिर तक शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा बहुत ही अच्छे तरीके से निकाली गई। उनकी कृपा हम सब पर बनी रहे।”


