मुंबई, 8 मार्च (आईएएनएस)। आम जन के साथ ही फिल्म जगत के तमाम सितारे भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का जश्न मना रहे हैं। इसी कड़ी में कंगना रनौत, नीना गुप्ता, हेमा मालिनी के साथ ही रश्मिका मंदाना ने भी महिलाओं को खास अंदाज में इस खास दिन की शुभकामनाएं दीं। श्रीवल्ली फेम अभिनेत्री ने महिलाओं को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मैसेज देते हुए कहा कि तुम जैसी हो, वैसी ही काफी हो।
रश्मिका मंदाना ने सभी महिलाओं को दिल छू लेने वाला संदेश देने के लिए इंस्टाग्राम अकाउंट के स्टोरीज सेक्शन का सहारा लिया, जिस पर उन्होंने लिखा, “आप जैसी हैं, वैसी ही काफी हैं।”
रश्मिका ने उन तमाम महिलाओं को सलाम किया जो मुश्किल हालातों में भी हार नहीं मानतीं और चुपचाप अपनी जिंदगी संभालती हैं। रश्मिका ने अपने पोस्ट में लिखा, “सभी खूबसूरत महिलाओं के लिए… आज आपका दिन है, लेकिन सच कहूं तो, हर दिन आपका होना चाहिए। उन महिलाओं के लिए जो बड़े सपने देखती हैं, जो बहुत मेहनत करती हैं, लेकिन जिनकी जीत का जश्न हमेशा नहीं मनाया जाता। उन महिलाओं के लिए जो चुपचाप सब कुछ संभालती हैं, जो अभी भी जिंदगी को समझने की कोशिश कर रही हैं। और उन महिलाओं के लिए जो मुश्किल दिनों में भी मुस्कुराती हैं, जब हार मानने का मन करता है, लेकिन खुद से कहती हैं – ‘यह भी बीत जाएगा।'”
उन्होंने आगे कहा, “महिलाओं में बार-बार उठ खड़े होने की अनोखी ताकत होती है। मैं देखती हूं और मुझे बहुत गर्व होता है। कभी-कभी हम भूल जाते हैं कि हम कितने पावरफुल हैं। आगे बढ़ने के लिए कितनी ताकत चाहिए, गहराई से प्यार करने के लिए, और हम सब जानते हैं कि ऐसा इसलिए है क्योंकि सिर्फ हम ही इसके काबिल हैं, बार-बार उठ खड़े होने के लिए। हम इतने बहादुर जो हैं।”
रश्मिका ने हर लड़की को याद दिलाया कि “तुम काफी हो। बिल्कुल जैसी तुम हो।” उन्होंने लिखा, “आप सबकी विनम्रता, हिम्मत, मुस्कुराहट, आंसू, भावनाएं… आपका हर हिस्सा खूबसूरत है। आपकी उपलब्धियां किसी और जितनी ही बड़ी हैं। आपके फैसले मायने रखते हैं, राय मायने रखती है, संघर्ष मायने रखते हैं, फीलिंग्स मायने रखती हैं… आप मायने रखती हो!”
पोस्ट की आखिर में रश्मिका ने सभी महिलाओं से अपील की कि एक-दूसरे को ऊपर उठाते रहें, एक-दूसरे को सेलिब्रेट करें और बार-बार याद दिलाते रहें कि तुम कितनी कमाल की हो।

