गयाजी, 16 फरवरी (आईएएनएस)। देश और दुनिया में मोक्षस्थली के रूप में चर्चित बिहार के गयाजी के विश्व प्रसिद्ध गयाजी धाम में पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने विष्णुपद मंदिर परिसर में अपने पूर्वजों और भाजपा के दिवंगत नेताओं की आत्मा की शांति के लिए विधिपूर्वक कर्मकांड कर पिंडदान तर्पण किया और उनके मोक्ष की कामना की।
इस दौरान रविशंकर प्रसाद ने प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर के गर्भगृह में भगवान विष्णु चरण का दर्शन कर भगवान विष्णु नारायण से आशीर्वाद लिया। पिंडदान तर्पण करने के लिए वे अपनी पत्नी और पुत्र के साथ आए थे। उन्होंने विधिवत तरीके से श्राद्ध के कर्मकांड को अपनी पत्नी के संग पूरा किया। पिंडदान कर्मकांड गयाजी के पाल पांडा मणिलाल बारीक ने कराया है।
श्री विष्णुपद प्रबंध कार्यकारिणी समिति की ओर से पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद को सम्मानित किया गया। इस मौके पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि मोक्ष धाम गयाजी में आकर बहुत प्रसन्नता मिली। यहां आकर बहुत शांति मिली। पुरखों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान करना सुकून देता है और आलौकिक करता है।
उन्होंने स्थानीय पंडों की भी तारीफ की। यहां की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने और विकास के लिए जो भी करना होगा, वह हम लोग करेंगे। उन्होंने कहा कि हमने अपने पूर्वजों के साथ-साथ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय और जय प्रकाश नारायण सहित कई दिवंगत नेताओं के मोक्ष प्राप्ति की कामना के साथ पिंडदान और तर्पण किया।
श्री विष्णुपद प्रबंध कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष शंभु लाल बिट्ठल ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बड़ी श्रद्धा के साथ पूरे कर्मकांडों को पूरा किया। इस दौरान उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में भारत द्वारा पाकिस्तान को हराए जाने को लेकर भी भारतीय क्रिकेट टीम की तारीफ की और आगे के मुकाबलों के लिए शुभकामना दी।

