‘सात फेरे रिश्ता बनाते हैं, अधिकार नहीं’, दिव्या दत्ता की ‘चिरैया’ ने छेड़ी एक नई बहस

0
8

मुंबई, 20 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेत्री दिव्या दत्ता अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास पहचान रखती हैं। शुक्रवार को उनकी आगामी सीरीज ‘चिरैया’ का टीजर जारी कर दिया गया है। यह सीरीज भारतीय समाज में छिपे एक बड़े और आम अन्याय पर सवाल उठाती है।

अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने अपने इंस्टाग्राम पर टीजर शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, “सात फेरे लेने से रिश्ता बन जाता है लेकिन अधिकार नहीं मिलता। चिरैया जल्द ही स्ट्रीम होगी।”

इस सीरीज के जरिए निर्देशक ने सवाल उठाया है कि क्या शादी करने से जीवनभर की सहमति अपने आप मिल जाती है। 20 मिनट के टीजर में काफी साधारण तरीके से दिखाया गया है कि समाज में यह सोच कितनी गहरी है कि सात फेरे ले लेने भर से पति का पत्नी पर हर तरह का अधिकार हो जाता है, चाहे वह जबरदस्ती ही क्यों न हो। सीरीज इस धारणा को चुनौती देती है कि शादी एक लाइसेंस नहीं है और चुप रहना सहमति नहीं मानी जा सकती।

टीजर में दिव्या सवाल पूछती हैं, “क्या शादी के बाद भी औरत के साथ जबरदस्ती होती है तो क्या वो अपराध नहीं है?”

‘चिरैया’ न सिर्फ मनोरंजन करेगी, बल्कि समाज में चल रही गलत सोच पर बहस भी छेड़ेगी। यह सीरीज खासकर उन महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण है, जो चुपचाप सहन करती आ रही हैं। टीजर देखते ही दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है कि पूरी कहानी क्या संदेश देगी। जल्द ही जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होने वाली इस सीरीज का इंतजार अब और बढ़ गया है।

शशांत शाह द्वारा निर्देशित सीरीज दिव्या दत्ता के साथ संजय मिश्रा, सिद्धार्थ शॉ, प्रसन्ना बिष्ट, फैसल राशिद, टिन्नू आनंद और सरिता जोशी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

हालांकि, मेकर्स ने सीरीज के रिलीज की खास जानकारी अभी नहीं दी है।

इसमें दिव्या अपने दमदार रोल में नजर आ रही हैं, जो वैवाहिक जबरदस्ती के खिलाफ चुप रहने के बजाय आवाज उठाने का प्रतिनिधित्व करती हैं। अब देखना होगा कि सीरीज को दर्शक कितना पसंद करते हैं।