केंद्रीय बजट ‘सबका साथ, सबका विकास’ पर आधारित: अरुण साव

0
5

नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय बजट 2026 को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों से नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। भाजपा नेताओं ने इस बजट को ऐतिहासिक बताते हुए इसे ‘विकसित भारत 2047’ के सपने की दिशा में एक मजबूत कदम करार दिया है।

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि आज का दिन बहुत शुभ और ऐतिहासिक है। यह बजट 2047 तक एक विकसित भारत की नींव रखेगा। यह बजट ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर आगे बढ़ने वाला होगा। केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि विकास की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।

वहीं राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने भी बजट को लेकर उम्मीद जताई। उन्होंने आईएएनएस से कहा, “पूरे देश और राजस्थान की उम्मीदों के अनुरूप बजट जरूर पेश किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2047 तक ‘विकसित भारत’ के अपने सपने और विजन को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं।” उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट उस दिशा में एक और मजबूत कदम साबित होगा।

राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने इस मौके को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, “निस्संदेह निर्मला सीतारमण भारत में लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट पेश कर रही हैं। ऐसा करने वाली वह देश की पहली महिला वित्त मंत्री हैं, जिससे यह बजट अपने आप में इतिहास बन गया है।”

नरेश बंसल ने आगे कहा कि सीतारमण ने हर बजट में समाज के हर वर्ग को राहत देने का प्रयास किया है और इस बार भी ऐसा ही होगा। उन्होंने बताया कि इस बजट में एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा देने और ‘ईजी ऑफ डूइंग बिजनेस’ को और आसान बनाने पर खास ध्यान दिया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि 2024 में घोषित ‘विकसित भारत’ के रोडमैप के अनुसार यह बजट उसी दिशा में आगे बढ़ाएगा। उनके मुताबिक, महिला सशक्तीकरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों में पहले से ही एक अहम प्राथमिकता रहा है। राजनीति और समाज दोनों में महिलाओं को आगे बढ़ाने के प्रयास किए गए हैं।