पटना, 22 मार्च (आईएएनएस)। आरएलएम प्रमुख और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार दिवस के मौके पर हम राज्य में रहने वाले और राज्य के बाहर बसे सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। रविवार को उन्होंने कहा कि जब हम बिहार दिवस की बात करते हैं, तो यह हमें हमारे समृद्ध और प्राचीन इतिहास की याद दिलाता है, जिससे हमारा सीना चौड़ा होता है और गर्व महसूस होता है।
पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार की जोड़ी का जिक्र करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि कई वर्षों से पीएम मोदी के मार्गदर्शन और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ रहा है और हम सभी आज बिहार दिवस पर संकल्प लेते हैं कि बिहार को ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
पीएम मोदी के सबसे ज्यादा दिनों तक सरकार प्रमुख रहने पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि मैं पीएम मोदी को शुभकामनाएं देता हूं। वह स्वस्थ रहें और देश की सेवा वर्षों तक करते रहें। यह हमारे देश और राज्य के लिए बहुत जरूरी है।
बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का विकास हुआ है और विश्वभर में भारत का डंका बज रहा है। देश की जनता उन पर भरोसा करती है और मुझे विश्वास है कि आगे भी जनता का विश्वास बना रहेगा और देश का विकास होता रहेगा।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने एक्स पोस्ट में लिखा कि पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 8931 दिन केवल एक राजनीतिक पड़ाव नहीं, बल्कि निरंतर तप, त्याग और राष्ट्रसेवा का प्रेरक उदाहरण हैं। इन वर्षों में उनका प्रत्येक दिन देश और समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा है। गुजरात के लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने विकास और सुशासन का मजबूत मॉडल प्रस्तुत किया।
वहीं देश के प्रधानमंत्री के रूप में अपने व्यापक प्रशासनिक अनुभव के साथ उन्होंने शासन को केवल व्यवस्था तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे परिवर्तन और जनकल्याण का सशक्त माध्यम बनाया।
“सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के संकल्प के साथ उनके नेतृत्व में देश ने आधारभूत संरचना के विस्तार, डिजिटल क्रांति, प्रभावी जनकल्याणकारी योजनाओं और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।
मंत्री जायसवाल ने लिखा कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के माध्यम से वित्तीय समावेशन, उज्ज्वला योजना से सम्मानजनक जीवन, आयुष्मान भारत से स्वास्थ्य सुरक्षा और प्रधानमंत्री आवास योजना से करोड़ों परिवारों को पक्के घर मिले-इस प्रकार अंत्योदय के संकल्प को साकार करते हुए अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया गया।
साथ ही 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में प्राप्त ऐतिहासिक जनादेश देशवासियों के अटूट विश्वास का प्रतीक है। सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री के लंबे कार्यकाल को पीछे छोड़ते हुए उन्होंने सार्वजनिक जीवन में समर्पण, स्थायित्व और निरंतरता का नया कीर्तिमान स्थापित किया। उनके नेतृत्व में वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा और प्रभाव निरंतर बढ़ा है। ‘विकसित भारत 2047 ’आज एक जनभागीदारी आधारित राष्ट्रीय संकल्प बन चुका है। राष्ट्रप्रथम की भावना से प्रेरित यह यात्रा हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।

