नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने संसद के विशेष सत्र के बारे में पूरी जानकारी दी। उन्होंने सोमवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि इस सत्र में महिला आरक्षण पर चर्चा होगी। इस दौरान महिला आरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और हमें पूरा विश्वास है कि इससे लोगों का मत काफी मजबूत होगा, जिससे हमें आगे चलकर काफी सहूलियत भी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जब कभी महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होती है, तो विचार विमर्श का दायरा बढ़ता है। आज की तारीख में हर क्षेत्र में महिलाएं बराबरी के साथ काम कर रही है। महिलाएं हर क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन की वजह से विख्यात हो रही हैं, जिनका हमें स्वागत करना चाहिए।
भाजपा सांसद ने कहा कि अब जब हर क्षेत्र में महिलाएं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, तो राजनीति के क्षेत्र में महिलाएं क्यों पीछे रहे? इस सवाल का भी उठना लाजिमी है।
उन्होंने कहा कि हम तो चाहते हैं कि इस पूरे मामले में लोगों के बीच में एकरूपता की स्थिति पैदा हो, लेकिन विपक्षी दलों ने इस पूरे मामले में पूरी तरह से अलग रुख अख्तियार कर लिया है, तो हम क्या ही कर सकते हैं।
इसके अलावा उन्होंने यह साफ कर दिया कि हमें किसी भी बिंदु की तरफ कोई ध्यान नहीं देना चाहिए। महिला सशक्तीकरण हमेशा से ही भाजपा की प्राथमिकता की सूची में हमेशा से रहा है। इसे लेकर लोगों के बीच में किसी भी प्रकार का भ्रम नहीं है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस पूरे मामले में एक तरह का नया नेरेटिव स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ऐसे लोगों के बारे में मैं यही कहना चाहूंगा कि ये लोग हताश और निराश हैं। ऐसे लोगों की सच्चाई से देश की जनता वाकिफ है।
प्रवीण खंडेलवाल ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद को ही नहीं संभाल पा रही है। यह पार्टी अब खुद ही इतिहास के गर्त में जा रही है।


