सांसद कीर्ति आजाद के बयान पर मौलाना साजिद रशीदी बोले, हर चीज में कंट्रोवर्सी पैदा करना ठीक नहीं

0
5

नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद के टी-20 विश्व कप को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि हर चीज में कंट्रोवर्सी पैदा करना ठीक नहीं है।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में मौलाना साजिद रशीदी ने कहा कि ये बड़ी अजीब सी स्थिति है। हर आदमी हर बात में राजनीति करने की कोशिश करता है। सवाल ये है कि टीम इंडिया के कप्तान वो हिंदू, बीसीसीआई के मेंबर वो हिंदू, आईसीसी के मेंबर वो हिंदू, उनके चेयरमैन हिंदू। जब ट्रॉफी आएगी, अगर वो मंदिर लेकर जा रहे हैं, तो उसमें बुराई क्या है? मुझे तो नहीं लगता कि इसमें कोई सियासत होनी चाहिए। अब अगर आप ये कहें कि साहब, वो ट्रॉफी मस्जिद में भी जानी चाहिए, तो क्या होगा ट्रॉफी को मस्जिद में ले जाकर और मस्जिद में इस तरह की चीजें होती भी नहीं। तो ये खाली राजनीति है, इस तरह की राजनीति नहीं करनी चाहिए, क्योंकि आजकल जो भी बात जुबान से निकलती है, वो सिर्फ इंडिया में नहीं रहती। बहुत दूर तक जाती है। हर चीज में कंट्रोवर्सी पैदा करना कहीं न कहीं अपने मुल्क को कमजोर करने जैसा है। अपने आपको कमजोर करने जैसा है। इसीलिए यह सब नहीं होना चाहिए।

होली के दिन उत्तम नगर में हुई घटना को लेकर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने कहा कि होली के दिन सिर्फ एक इंसिडेंट नहीं हुआ। होली के दिन दिल्ली के अंदर ही दो इंसिडेंट हुए। एक उत्तम नगर में हुआ। हम इसको जस्टिफाई नहीं कर रहे हैं। अगर रंग पड़ गया और ये रंग किसी ने जबरदस्ती डाल भी दिया, तो भी उस पर इतना बड़ा एक्शन नहीं होना चाहिए था कि किसी की जान ले ले। लेकिन सरकार ने कार्रवाई की, उनको पकड़ लिया, उनका घर तोड़ दिया, सब कुछ हो गया।

उन्होंने कहा कि दूसरी ओर दिल्ली के महिपालपुर में पुनित यादव नाम के युवक को हिंदुवादी संगठन से जुड़े लोगों ने मार दिया। उनमें से अभी तक कोई नहीं पकड़ा गया। उस केस में सिर्फ 3 नाबालिग पकड़े गए हैं, असली मुजरिमों को नहीं पकड़ा गया। न उनके घर बुलडोजर चला और न ही हिंदूवादी संगठनों ने जाकर हाल लिया। बजरंग दल देश में दहशत फैलाने का काम कर रहा है। इन्हें पुनित यादव के घर भी जाना चाहिए। हिंदू ने हिंदू को मार दिया, तो वहां भी इसी एक्शन की बात करें। वहां हिन्दु-मुसलमान नहीं हैं, इसीलिए नहीं जाते हैं। मीडिया ने पुनीत यादव मामले को नहीं दिखाया है। देश में हिंदू-मुसलमान करने की साजिश रची जा रही है। जाहिर है इससे मुसलमानों को ज्यादा नुकसान हो सकता है, लेकिन इससे हिंदू भी नहीं बच पाएंगे।

ईरान-इजरायल संघर्ष को लेकर मौलाना साजिद रशीदी ने कहा कि मैं मानता हूं कि हमारी सरकार को पहल करनी चाहिए। यह जंग रुकनी चाहिए, क्योंकि जंग से किसी का भला नहीं हो सकता।