सर्वदलीय बैठक बुलाने में सरकार ने देरी कर दी: तारिक अनवर

0
6

नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच केंद्र सरकार द्वारा सर्वदलीय बैठक बुलाए जाने पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाने में बहुत देरी कर दी।

नई दिल्ली में कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि हमारी सरकार हर काम देरी से करती है। हमारी सरकार सोचने में ज्यादा समय लगाती है, जिससे उसका आकर्षण खत्म हो जाता है।

सर्वदलीय बैठक को लेकर कांग्रेस सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार को यह काम पहले ही करना चाहिए था जब मिडिल ईस्ट में जंग शुरू हुई थी।

उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में जो जंग चल रही है, इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। इससे भारत भी प्रभावित हुआ है। सभी को लग रहा था कि ऐसे समय में हमारी सरकार युद्द को रुकवाने में अहम भूमिका निभाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि जब युद्ध के इतने दिन बीत गए हैं तो हमारी सरकार को अहसास हुआ है कि सभी राजनीतिक दलों को साथ में लेना चाहिए, लेकिन मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि सर्वदलीय बैठक बुलाने में काफी विलंब हो गया है, इसका भविष्य में कितना फायदा होगा, यह तो आने वाले वक्त ही बताएगा। यह दौर काफी मुश्किल भरा है और देश संकट के दौर से गुजर रहा है।

राज्यसभा में पीएम मोदी के संबोधन को लेकर कांग्रेस सांसद ने कहा कि उनका संबोधन निष्पक्ष नहीं था।

बता दें कि राज्यसभा में पीएम मोदी ने कहा कि युद्ध की शुरुआत के बाद से मैंने पश्चिम एशिया के ज्यादातर देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ फोन पर बात की है। हम गल्फ के सभी देशों के साथ लगातार बातें कर रहे हैं। हम ईरान, इजराइल और अमेरिका के साथ भी संपर्क में हैं। हमारा लक्ष्य, डायलॉग और डिप्लोमेसी के माध्यम से क्षेत्र में शांति की बहाली करना है।

हॉर्मुज स्ट्रेट में दुनिया के अनेक जहाज फंसे हैं। उनमें बहुत बड़ी संख्या में भारतीय क्रू मेंबर्स हैं। यह भी भारत के लिए बड़ी चिंता का विषय है। ऐसी विकट परिस्थिति में आवश्यक है कि भारत की संसद के इस उच्च सदन से शांति और संवाद की एकजुट आवाज पूरे विश्व में जाए।