स्कूल रसोइया के बेटे ने किया कमाल, बिहार बोर्ड 12वीं में हासिल की दूसरी रैंक

0
6

पुर्णिया, 23 मार्च (आईएएनएस)। बिहार स्कूल एजुकेशन बोर्ड (बीएसईबी) ने एक बार फिर सबसे पहले रिजल्ट जारी करने का अपना रिकॉर्ड कायम रखते हुए सोमवार को दोपहर 01:30 बजे 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस साल परीक्षा में कुल 85.19 प्रतिशत छात्र-छात्रा उत्तीर्ण हुए।

बिहार बोर्ड 12वीं की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिन छात्रों ने अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है, उनमें एक नाम लकी अंसारी का है। लकी अंसारी ने आर्ट्स स्ट्रीम से बिहार इंटरमीडिएट की परीक्षा में 478 अंक प्राप्त किए और राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया।

बीएसईबी में कला स्ट्रीम से शानदार रैंक हासिल करने वाले लकी अंसारी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “मैंने बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा में 478 अंक प्राप्त किए और राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया। यह एक बड़ी उपलब्धि है। मेरा पूरा परिवार, माता-पिता, सभी शिक्षक और भाई-बहन सभी बहुत खुश हैं।”

उन्होंने कहा, “मैं आगे शिक्षक बनना चाहता हूं और बाद में कुछ बड़ी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहता हूं। मेरे पिता फुटपाथ पर घड़ी का काम करते हैं और मां स्कूल में रसोइया हैं। पढ़ाई के लिए मुझे अपने परिवार से पूरा सहयोग मिला। कठिनाइयां आने पर भी मैंने उनका सामना किया और कड़ी मेहनत करना जारी रखा। मुझे आशा है कि भविष्य में भी मैं आगे बढ़ता रहूंगा।” उन्होंने कहा, “मैं अपनी इस उपलब्धि के लिए सबसे पहले अपने माता-पिता को धन्यवाद देना चाहता हूं और फिर उन ऑफलाइन शिक्षकों को जिन्होंने मुझे शुरुआत से ही सही मार्गदर्शन दिया है।”

उन्होंने कहा, “मैं पूरे दिन में 6-7 घंटे की सेल्फ-स्टडी करता था।” वो आगे कहते हैं, “राज्य में पहला स्थान आने पर 2 लाख रुपए और एक लैपटॉप मिलता है। वहीं, दूसरा रैंक आने पर डेढ़ लाख रुपए और एक लैपटॉप दिया जाता है। मैंने ट्यूशन का खर्चा उठाने के लिए करीब 5 महीने मेडिकल स्टोर में काम भी किया है।”

उन्होंने बताया कि 10वीं कक्षा में उन्हें 500 में से 462 अंक मिले थे। वो कहते हैं, “अगर मुझे प्रैक्टिकल में 1 और अंक मिल जाता है तो मैं इस बार पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल कर लेता।”

बेटे की राज्यभर में दूसरा रैंक हासिल करने पर लकी अंसारी के पिता करते हैं, “मैंने हमेशा अपने बच्चों को कड़ी मेहनत से पढ़ाई करने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। एक गरीब परिवार होने के नाते हम चाहते थे कि कम से कम हमारा नाम रोशन हो। हमारे तीनों बच्चे शिक्षित हैं। मैं बेटे की इस उपलब्धि से बहुत खुश हूं।”

बता दें कि बिहार बोर्ड 12वीं की परीक्षा में साइंस स्ट्रीम से समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अमन ने 481 अंक हासिल करके राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। कॉमर्स स्ट्रीम से अदिति कुमारी ने 480 अंक हासिल किए, और आर्ट्स स्ट्रीम में गयाजी की निशु कुमारी ने 479 अंकों के साथ राज्यभर में पहला रैंक हासिल किया। वहीं, सभी स्ट्रीम से टॉप फाइव में कुल 26 छात्रों ने अपनी जगह बनाई, जिनमें 19 लड़कियां शामिल हैं।