देहरादून, 31 मार्च (आईएएनएस)। सरकारी यूनिवर्सिटी में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक खास मौका सामने आया है। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय (एसडीएसयूवी) ने प्रोफेसर सहित विभिन्न 64 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
एसडीएसयूवी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय लास्ट डेट के शाम पांच बजे से पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
एसडीएसयूवी ने जिन 64 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें असिस्टेंट प्रोफेसर के 41, असिस्टेंट लाइब्रेरियन के 01, एसोसिएट प्रोफेसर के 11 और प्रोफेसर के 11 पद शामिल हैं।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार ग्रेजुएशन, पोस्ट-ग्रेजुएशन, एमफिल/पीएचडी की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन स्क्रीनिंग, शॉर्टलिस्टिंग, पर्सनल इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 57,700 से 2,18,200 रुपए के बीच प्रति महीने होगी।
आवेदन करते समय कैंडिडेट्स को अपने वर्ग और पद अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर पोस्ट के लिए जनरल/ओबीसी/ईडब्लूएस उम्मीदवारों को 2,000 रुपए और एससी/एसटी उम्मीदवारों को 1,000 रुपए का भुगतान करना होगा। वहीं, असिस्टेंट प्रोफेसर और असिस्टेंट लाइब्रेरियन पोस्ट के लिए जनरल/ओबीसी/ईडब्लूएस उम्मीदवारों को 1,000 रुपए और एससी/एसटी उम्मीदवारों को 500 रुपए का भुगतान करना होगा।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय (एसडीएसयूवी) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।
वहीं, ऑनलाइन आवेदन करने के बाद कैंडिडेट्स को अपने एप्लीकेशन की हार्ड कॉपी 24 अप्रैल के शाम 05 बजे से पहले ‘रजिस्ट्रार, श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, बादशाहीथौल, टिहरी गढ़वाल – 249199’ पते पर पंजीकृत/स्पीड पोस्ट, कूरियर या हाथ से जमा करना होगा।




