सर्बिया के प्रधानमंत्री की हत्या से सहम गया था यूरोप, लोकतांत्रिक सुधारों का थे प्रमुख चेहरा

0
5

नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। “अगर कोई सोचता है कि मुझे हटाकर कानून और सुधारों को रोका जा सकता है, तो यह एक बहुत बड़ा भ्रम है…” पोलिटिका अखबार में छपा ये बयान उस प्रधानमंत्री का था जिसे लोकतांत्रिक सुधारों का प्रमुख चेहरा माना जाता था। हत्या के पहले प्रयास के बाद इस लोकप्रिय पीएम ने बड़े दम खम से ये बात कही थी।

12 मार्च 2003 का ही वो दिन था जब यूरोप की राजनीति को झकझोर देने वाली ये बड़ी घटना हुई। जोरान जिन्जिच, जो उस समय सर्बिया के प्रधानमंत्री थे, की राजधानी बेलग्रेड में गोली मारकर हत्या कर दी गई।

जिन्जिच को बेलग्रेड में सरकारी भवन के बाहर एक स्नाइपर ने गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले ने पूरे सर्बिया को हिला कर रख दिया, और देश में तुरंत आपातकाल जैसी स्थिति पैदा हो गई।

इससे पहले वो एक कथित हत्या के प्रयास से बाल-बाल बचे थे, जब एक लॉरी उनके काफिले के सामने आ गई थी। बाद में उन्होंने 21 फरवरी की घटना को एक “व्यर्थ प्रयास” बताया था, जिससे लोकतांत्रिक सुधारों को रोका नहीं जा सका।

पीएम जिन्जिच सर्बिया में लोकतांत्रिक सुधारों के प्रमुख चेहरों में से एक थे। उन्होंने 2000 में हुए जनआंदोलन में अहम भूमिका निभाई थी, जिसके परिणामस्वरूप पूर्व राष्ट्रपति स्लोबोडान मिलोस्विक की सत्ता समाप्त हो गई।

प्रधानमंत्री बनने के बाद जिन्जिच ने देश में राजनीतिक और आर्थिक सुधारों की शुरुआत की और पश्चिमी देशों के साथ संबंध बेहतर करने की कोशिश की। उन्होंने मिलोशेविच को अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में भेजने का फैसला भी लिया, जिससे कई राष्ट्रवादी और आपराधिक गिरोह उनके विरोध में आ गए।

जिन्जिच की हत्या के पीछे संगठित अपराध गिरोहों का हाथ माना गया। जांच में सामने आया कि इस साजिश में कुख्यात जेमुन अपराध गिरोह और पूर्व विशेष पुलिस इकाई के कुछ सदस्य शामिल थे।

हत्या के बाद सरकार ने “ऑपरेशन साबर” नाम से बड़ा अभियान चलाया, जिसमें हजारों लोगों को गिरफ्तार किया गया और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

जिन्जिच की हत्या की दुनिया भर में कड़ी निंदा हुई। यूरोपीय देशों ने इसे सर्बिया के लोकतंत्र के लिए एक बड़ा झटका बताया।

हालांकि इस घटना के बाद भी सर्बिया ने लोकतांत्रिक सुधारों की प्रक्रिया जारी रखी और धीरे-धीरे यूरोपीय संस्थाओं के साथ अपने संबंध मजबूत किए।