शमिता शेट्टी : मनीष मल्होत्रा की सलाह ने बदली किस्मत, ‘बिग बॉस की क्वीन’ का ऐसा रहा बॉलीवुड डेब्यू

0
6

मुंबई, 1 फरवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड की दुनिया बाहर से जितनी चमकदार दिखती है, अंदर से उतनी ही चुनौतीपूर्ण भी होती है। यहां हर किसी को अपनी जगह बनाने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ता है। कई बार बड़े नाम और फिल्मी परिवार से आने के बावजूद भी करियर नहीं चल पाता। ऐसी ही एक कहानी है अभिनेत्री शमिता शेट्टी की, जिन्होंने हिट फिल्म से डेब्यू किया, बड़े सितारों के साथ काम किया, लेकिन उनकी पहचान फिल्मों से ज्यादा रियलिटी शोज से बनी।

दिलचस्प बात यह है कि बॉलीवुड में कदम रखने से पहले शमिता का सपना एक्ट्रेस बनना नहीं, बल्कि फैशन डिजाइनर बनने का था।

शमिता शेट्टी का जन्म 2 फरवरी 1979 को कर्नाटक के मैंगलोर में हुआ था। वह एक बिजनेस फैमिली से ताल्लुक रखती हैं। उनकी बड़ी बहन शिल्पा शेट्टी बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। हालांकि, शमिता का बचपन से ही रुझान ग्लैमर से ज्यादा क्रिएटिव फील्ड की तरफ था। उनकी रुचि फैशन डिजाइनिंग में ज्यादा थी, जिसके चलते उन्होंने मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के यहां इंटर्नशिप भी की। इसी दौरान मनीष मल्होत्रा ने शमिता की पर्सनैलिटी और स्क्रीन प्रेजेंस को नोटिस किया और उन्हें एक्टिंग में हाथ आजमाने की सलाह दी। यहीं से शमिता की जिंदगी ने एक नया मोड़ लिया।

साल 2000 में शमिता शेट्टी ने यश चोपड़ा की सुपरहिट फिल्म ‘मोहब्बतें’ से बॉलीवुड में कदम रखा। यह फिल्म उस साल की सबसे बड़ी हिट साबित हुई थी और इसमें अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान जैसे दिग्गज कलाकार नजर आए थे। शमिता का डेब्यू बेहद शानदार रहा और उनसे काफी उम्मीदें लगाई जाने लगीं। हालांकि, इसके बाद उनका फिल्मी करियर वैसी रफ्तार नहीं पकड़ पाया, जैसी उनकी बहन शिल्पा शेट्टी का रहा।

‘मोहब्बतें’ के बाद शमिता ने ‘जहर,’ ‘फरेब,’ और कुछ साउथ फिल्मों में भी काम किया, लेकिन ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकीं। लगातार फ्लॉप के चलते शमिता धीरे-धीरे फिल्मों से दूर होती चली गईं। इसके बावजूद, उन्होंने खुद को पूरी तरह इंडस्ट्री से अलग नहीं किया और नए रास्तों की तलाश करती रहीं।

शमिता शेट्टी को एक नई पहचान रियलिटी शोज से मिली। साल 2009 में वह ‘बिग बॉस 3’ में नजर आईं। हालांकि, वह बहन शिल्पा शेट्टी की शादी के चलते शो बीच में छोड़कर बाहर आ गई थीं। इसके बाद 2021 में उन्होंने ‘बिग बॉस ओटीटी’ में हिस्सा लिया, जहां उनकी पर्सनैलिटी को दर्शकों ने खूब पसंद किया और वह शो की रनर-अप रहीं। इसके बाद शमिता ‘बिग बॉस 15’ में भी नजर आईं और वहां भी सबसे चर्चित कंटेस्टेंट्स में शामिल रहीं। इसी वजह से उन्हें ‘बिग बॉस की क्वीन’ कहा जाने लगा।

फिलहाल शमिता ने फिल्मों से दूरी बनाई हुई है, लेकिन वह सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं और जिंदगी की झलक साझा करती रहती हैं।