मुंबई, 13 फरवरी (आईएएनएस)। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कांग्रेस और अन्य मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2029 तक पार्टी की हालत ज्यादा खराब हो सकती है।
निरुपम ने कहा, “यह शेख चिल्ली के सपने जैसा है। देशभर में कांग्रेस की वर्तमान स्थिति को देखते हुए मुझे लगता है कि 2029 तक वह और कमजोर हो जाएगी। पार्टी का जनसमर्थन और सिमट जाएगा।”
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो हफ्तों में संसद सत्र के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बोलने के नाम पर भारत की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का मजाक उड़ाया। एक ऐसी किताब का हवाला दिया गया, जो अभी प्रकाशित भी नहीं हुई है। इससे भारतीय सैनिकों के सम्मान को ठेस पहुंची है।
निरुपम के मुताबिक, इससे देश के सम्मानित नागरिकों में कांग्रेस के प्रति और नाराजगी बढ़ेगी। लोगों का मोहभंग और बढ़ेगा। कांग्रेस का बचा-खुचा वोट बैंक भी सिमट जाएगा। 2029 तक शायद ही किसी राज्य में उनकी सरकार बचे।
उन्होंने ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने का भी जिक्र किया। निरुपम ने कहा कि हमारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ इस साल अपनी 150वीं वर्षगांठ मना रहा है। यह गीत महान लेखक और कवि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने लिखा था। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान यह गीत बेहद लोकप्रिय था। हजारों-लाखों स्वतंत्रता सेनानियों ने ब्रिटिश हुकूमत से भारत को आजाद कराने के लिए ‘वंदे मातरम’ का नारा लगाते हुए अपना खून बहाया और सब कुछ बलिदान कर दिया।
आधार कार्ड को लेकर भी निरुपम ने गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि भारत में आधार कार्ड जारी करने की प्रक्रिया का दुरुपयोग हो रहा है। बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बड़ी संख्या में फर्जी आधार कार्ड सामने आए। इसी तरह मुंबई में भी कई बांग्लादेशी प्रवासियों द्वारा कथित रूप से फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनवाने की बात कही गई।
निरुपम ने कहा कि ऐसे लोगों को किसी भी पहचान पत्र, चाहे वह आधार हो या वोटर आईडी, का वैध धारक नहीं माना जाना चाहिए।

