शी चिनफिंग ने चीन-अमेरिका की ‘पिंग-पोंग कूटनीति’ की 55वीं वर्षगांठ पर बधाई पत्र भेजा

0
6

बीजिंग, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 10 अप्रैल को चीन-अमेरिका ‘पिंग-पोंग कूटनीति’ की 55वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित स्मारक समारोह और चीन-अमेरिका युवा खेल आदान-प्रदान गतिविधियों की एक श्रृंखला के शुभारंभ समारोह के लिए एक बधाई पत्र भेजा।

शी चिनफिंग ने कहा कि 55 वर्ष पूर्व, चीन और अमेरिका के वरिष्ठ नेताओं ने अपनी असाधारण राजनीतिक बुद्धि और रणनीतिक दूरदर्शिता से दोनों देशों के लोगों के बीच मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान के द्वार फिर से खोल दिए और ‘एक छोटी गेंद द्वारा बड़ी गेंद को हिलाने’ की ऐतिहासिक गाथा रच दी। आज, दोनों देशों के युवा अपने “पिंग-पोंग जैसे बंधन” को कायम रखते हुए खेल आदान-प्रदान की गतिविधियों की एक श्रृंखला का संचालन कर रहे हैं, जो चीन-अमेरिका मित्रता को बढ़ावा देने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

शी चिनफिंग ने इस बात पर जोर दिया कि चीन-अमेरिका संबंधों की नींव जनता द्वारा रखी जाती है और भविष्य युवाओं पर निर्भर करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों देशों के सभी वर्गों के लोग, विशेषकर युवा पीढ़ी, इतिहास से ज्ञान और शक्ति प्राप्त करेंगे, आदान-प्रदान और सहयोग के माध्यम से एक दूसरे के करीब आएंगे और एक-दूसरे से सीखने में कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ेंगे, मित्रता के बंधन को मजबूत करेंगे और चीन-अमेरिका संबंधों के स्थिर, स्वस्थ और सतत विकास को बढ़ावा देने में नए योगदान देंगे।

बता दें कि चीन-अमेरिका ‘पिंग-पोंग कूटनीति’ की 55वीं वर्षगांठ का समारोह और चीन-अमेरिका युवा खेल आदान-प्रदान गतिविधियों की एक श्रृंखला का शुभारंभ समारोह चीन की राजधानी पेइचिंग में एक ही दिन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन चीनी जन विदेशी मैत्री संघ, चीनी राष्ट्रीय खेल अखिल ब्यूरो और चाइना मीडिया ग्रुप द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)