‘श्री बाबा नीब करोरी महाराज’ में ‘कैंची धाम वाले बाबा’ बने सुबोध भावे, रिलीज डेट से उठा पर्दा

0
4

मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। संत श्री बाबा नीब करोरी महाराज की जीवन गाथा पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘श्री बाबा नीब करोरी महाराज’ में अभिनेता सुबोध भावे मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। मेकर्स ने फिल्म का टीजर जारी कर दिया है, जिसमें बाबा के दिव्य जीवन और आध्यात्मिक यात्रा की झलक दिखाई गई है।

टीजर को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स उत्साहित नजर आए। मेकर्स ने टीजर के साथ बताया कि फिल्म 24 अप्रैल को पूरे देश के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन शरद सिंह ठाकुर कर रहे हैं। अपकमिंग फिल्म में बाबा नीब करोरी महाराज के चमत्कार, उनके अमर प्रभाव और उनकी शिक्षा बड़े पर्दे पर दिखेगी।

वहीं, टीजर में भक्ति, रहस्यवाद और भावनात्मक गहराई का सुंदर मिश्रण दिखाई दिया। सुबोध भावे ने महान संत के किरदार में शानदार ट्रांस्फॉर्मेशन किया है, जो दर्शकों को काफी प्रभावित कर रहा है। फिल्म में सुबोध भावे के साथ एक मजबूत कलाकार टीम भी शामिल है, जिसमें हितेन तेजवानी, समीक्षा भटनागर, अनिरुद्ध दवे, हेमंत पांडे, राजेश शर्मा, स्मिता तांबे, आरती नागपाल, गरिमा अग्रवाल, मोहित गुप्ता, वर्षा मणिकचंद और हरदीप कौर समेत अन्य कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

सिनेमेटोग्राफी कार्तिक मल्लूर ने संभाली है। फिल्म का निर्माण बलराम गर्ग, बलवीर सिंह, शरद सिंह ठाकुर, खड़क सिंह गौर और नीलम सिंह मिलकर कर रहे हैं। फिल्म को अनिशा फिल्म्स इंटरनेशनल द्वारा पीसी ज्वेलर, बीएसआर फिल्म प्रोडक्शंस और एडवांस टेक्नोलॉजी के सहयोग से प्रस्तुत किया जा रहा है। पूरे भारत में इसका वितरण फर्स्ट फिल्म स्टूडियोज एलएलपी द्वारा किया जाएगा।

मेकर्स के अनुसार, फिल्म दृश्यात्मक रूप से बेहद समृद्ध और भव्य होगी। इसमें बाबा नीब करोरी महाराज की शिक्षाओं को इस तरीके से दिखाया जाएगा है कि हर उम्र और हर पीढ़ी के दर्शक खुद को इससे जुड़ा महसूस करेंगे। फिल्म न सिर्फ आध्यात्मिक गहराई रखती है, बल्कि एक प्रेरणादायक कहानी भी पेश करेगी। दमदार स्क्रिप्ट, शानदार अभिनय और आध्यात्मिक संदेश के कारण ‘श्री बाबा नीब करोरी महाराज’ दर्शकों को पसंद आएगी।