श्रीगंगानगर : पुलिस जीप को कार ने मारी टक्कर, ड्यूटी पर तैनात सीआई ज्योति नायक की मौत

0
7

श्रीगंगानगर, 11 फरवरी (आईएएनएस)। राजस्थान के श्रीगंगानगर में बुधवार सुबह सड़क हादसे में ड्यूटी पर तैनात सर्किल इंस्पेक्टर (सीआई) ज्योति नायक की मौत हो गई। हादसा शहर के दुर्गा मंदिर के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार ने पुलिस जीप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, सीआई ज्योति नायक अपने दल के साथ नियमित गश्त पर थीं। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार ने नियंत्रण खो दिया और सीधे पुलिस वाहन से टकरा गई। हादसे में सीआई ज्योति नायक गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस दुर्घटना में एक अन्य पुलिसकर्मी और कार चालक भी घायल हुए हैं। दोनों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. अमृता दुहन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीआई ज्योति नायक एक कर्तव्यनिष्ठ और बहादुर अधिकारी के रूप में जानी जाती थीं। उनके निधन से न केवल पुलिस विभाग बल्कि पूरे शहर में शोक का माहौल है।

वहीं, दौसा जिले में भी जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर कैलाई गांव के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा मंगलवार देर रात करीब 12 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और दूसरी ओर से आ रहे ट्रेलर से जा टकराई।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर सिकंदरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन चालक का नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ट्रेलर चालक से भी पूछताछ की जा रही है।