लखनऊ, 20 फरवरी (आईएएनएस)। राहुल गांधी के लखनऊ पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को सुल्तानपुर एमपी/एमएलए अदालत में गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ दिए गए बयान से जुड़े एक मामले में अपना बयान दर्ज कराने पहुंचे हैं।
कांग्रेस नेता अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि राहुल गांधी दिल्ली से लखनऊ पहुंचे और यहां से सीधे सुल्तानपुर अदालत जाएंगे, जहां वे मामले की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि अदालत में पेशी के बाद राहुल गांधी फिर लखनऊ लौटेंगे और वहां से वापस दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
इस बीच, कांग्रेस नेता अजय राय ने भी राहुल गांधी की अदालत में व्यक्तिगत उपस्थिति की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि आज की तारीख तय है और राहुल गांधी स्वयं अदालत में पेश होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उनसे मिलने के लिए पहुंच रहे हैं।
कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना ने पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि देशभर में अलग-अलग जगहों पर मुकदमे दर्ज कराकर राहुल गांधी को उलझाने की कोशिश की जा रही है। इसके बावजूद कांग्रेस को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
पार्टी नेताओं का कहना है कि यह केवल कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है और वे पूरी तरह कानून का सम्मान करते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
बता दें कि कोर्ट ने 6 जनवरी को सुनवाई के दौरान हाजिर होने के लिए अंतिम अवसर दिया था। 6 जनवरी को राहुल गांधी कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए थे। उनके अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ल ने उन्हें केरल में होने का प्रार्थना पत्र देकर समय मांगा था।
यह मामला वर्ष 2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान दिए गए बयान से जुड़ा है। 8 मई 2018 को बेंगलुरु में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने कथित रूप से अमित शाह पर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद सुल्तानपुर के भाजपा नेता और पूर्व सहकारी बैंक अध्यक्ष विजय मिश्रा ने 4 अगस्त 2018 को मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया।

