मुंबई, 16 मार्च (आईएएनएस)। दुनियाभर में ऑस्कर अवॉर्ड्स की धूम मची है। इस बीच भोजपुरी सिनेमा में भी 7वें सरस सलिल भोजपुरी सिने अवॉर्ड 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में भोजपुरी जगत के कई कलाकारों को उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
अभिनेत्री स्वास्तिका राय को फिल्म ‘बिन पिया डोली बिन पिया गवाना’ में बेहतरीन अभिनय के लिए बेस्ट चाइल्ड एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। साल 2025 में रिलीज हुई फिल्म में स्वास्तिका ने बेहतरीन अभिनय किया था। सोमवार को स्वास्तिका ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए अपनी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
अभिनेत्री ने समारोह की कुछ तस्वीरें शेयर कर लिखा, “‘सातवें सरस सलिल अवार्ड’ में मुझे मेरी बहुत ही अच्छी फिल्म ‘बिन पिया डोली बिन पिया गवाना’ के लिए बेस्ट चाइल्ड एक्ट्रेस का अवार्ड मिला। इसके लिए मैं हमारे प्रोड्यूसर अविनाश रोहरा सर और डायरेक्टर प्रवीण गुदरी सर, संजना मैम और बिन पिया डोली बिन पिया गवाना की पूरी टीम को दिल से धन्यवाद देती हूं क्योंकि आप सभी लोगों के प्यार के बिना मेरा यह अवार्ड अधूरा है। विशेष रूप से धन्यवाद विवेक भैया, बृहस्पति अंकल, भानु सर और सरस सलिल की पूरी टीम को मुझे इतना प्यार और सम्मान देने के लिए। महादेव।”
प्रवीण कुमार गुदुरी ने फिल्म के जरिए बाल विवाह जैसे मुद्दे को उठाया है। साथ ही, उन बच्चियों के जीवन की कहानी पर प्रकाश डाला है, जिनकी छोटी उम्र में शादी कर दी जाती है और जो जल्द ही विधवा हो जाती हैं, जिससे उनका जीवन बेरंग और दुखद हो जाता है।
यह फिल्म समाज में व्याप्त बाल विवाह के कलंक और उसके बाद एक लड़की के जीवन में आने वाले दुखों, सामाजिक दबाव और बेरंग जिंदगी को बहुत भावनात्मक रूप से दिखाती है। इसमें स्वास्तिका ने एक ऐसी बच्ची का किरदार निभाया है, जिसका बाल विवाह करवा दिया जाता है। उसकी जिंदगी तब बेरंग हो जाती है, जब बचपन में ही उसके पति का निधन हो जाता है। उसके बाद बच्ची को मायके भेज दिया जाता है।
फिल्म का निर्माण संदीप सिंह और अविनाश रोहरा ने किया है, जबकि इसके म्यूजिक, सैटेलाइट और डिजिटल पार्टनर ‘बी4यू भोजपुरी’ हैं। फिल्म में बाल कलाकार के रूप में स्वास्तिका मुख्य भूमिका में हैं, तो संजना पांडेय बड़ी लड़की के रोल में नजर आ रही हैं।
फिल्म में प्रशांत सिंह, आर्यन बाबू, स्वास्तिका राय, प्रेम दुबे, अनूप अरोड़ा, अनीता रावत, ढोलू यादव, सृष्टि पाठक, साहिल शेख, प्रेरणा सुषमा, श्रद्धांजलि यादव, संतोष श्रीवास्तव, कंचन मिश्रा, निशा तिवारी और रवि तिवारी भी प्रमुख भूमिका में हैं।
—आईएएनएस
एनएस/वीसी

