सिडनी, 15 फरवरी (आईएएनएस)। भारत और ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। अरुंधती रेड्डी की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 18 ओवर में 133 पर समेट दिया।
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को 22 के स्कोर पर पहला और 27 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। बेथ मूनी 5 और जॉर्जिया वॉल 18 रन बनाकर आउट हुईं। तीसरे विकेट के लिए फोएबे लिचफिल्ड और एलिसे पेरी के बीच 41 रन की साझेदारी हुई। इस समय ऐसा लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया बड़े स्कोर की तरफ जाएगी, लेकिन 68 के स्कोर पर पेरी (20 रन) का विकेट गिरने के बाद फिर विकेटों के लगातार गिरने का सिलसिला जारी रहा।
पूरी टीम 18 ओवर में 133 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया ने अपने आखिरी 5 विकेट मात्र 12 रन के अंदर गंवा दिए। लिचफील्ड 26 और जॉर्जिया वॉरहेम 30 रन बनाकर श्रेष्ठ स्कोरर रहीं।
भारत की तरफ से दाएं हाथ की तेज गेंदबाज अरुंधती रेड्डी ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 133 पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। रेड्डी ने 4 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट लिए।
इसके अलावा, रेणुका ठाकुर ने 4 ओवर में 14 रन देकर 2, एन. चरणी ने 3 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट लिए। क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा को 1-1 विकेट मिला। श्रेयांका पाटिल एकमात्र गेंदबाज रहीं जिन्हें विकेट नहीं मिला।
भारतीय टीम के लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा अगर मजबूत शुरुआत दिलाने में सफल रहीं, तो टीम यह मैच आसानी से जीत सकती है और सीरीज में बढ़त बना सकती है।

