टी20 वर्ल्ड कप: रिंकू सिंह की बहन को उम्मीद, पाकिस्तान के खिलाफ भैया करेंगे चौके-छक्कों की बरसात

0
5

नई दिल्ली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का हाई-वोल्टेज मैच खेला जाना है। देशभर में भारत की जीत के लिए प्रार्थना की जा रही है। टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह की बहन नेहा को उम्मीद है कि उनका भाई इस मैच में चौके-छक्कों की बरसात करेगा और टीम इंडिया इस मुकाबले को अपने नाम करेगी।

नेहा सिंह ने ‘आईएएनएस’ से कहा, “हमारा पूरा परिवार इस मुकाबले को लेकर काफी उत्साहित है। हमें उम्मीद है कि इस मैच में टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन करेंगी। रिंकू भैया भी चौके-छक्कों की बरसात करेंगे। मैं भारतीय टीम को इस मुकाबले के लिए शुभकामनाएं देना चाहती हूं। आज महाशिवरात्रि भी है।”

पश्चिम बंगाल के बेहाला में भारत की जीत के लिए यज्ञ किया गया। भले ही खराब मौसम इस मुकाबले में रुकावट डाल सकता है, लेकिन फैंस को उम्मीद है कि भारत ही इस मुकाबले को अपने नाम करेगा।

राजस्थान स्थित भरतपुर से एक क्रिकेट फैन ने इस महामुकाबले को लेकर कहा, “आज इंडिया बनाम पाकिस्तान मैच है। क्रिकेट फैंस इस बड़े मुकाबले का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। खबर है कि वहां मौसम खराब है, लेकिन हमें उम्मीद है कि यह साफ हो जाएगा। भारत इस मुकाबले को जीतेगा।”

मराठी एक्टर प्रभाकर मोरे ने कहा, “जब भी ये दोनों टीमें आमने-सामने होती हैं, तो भारत का पलड़ा भारी रहता है। भारतीय खिलाड़ी बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग में मजबूत हैं, जिससे पूरा एंटरटेनमेंट होता है। महा शिवरात्रि की छुट्टी होने की वजह से फैंस परिवार और दोस्तों के साथ बड़ी स्क्रीन पर इस मैच का लुत्फ उठाएंगे।”

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरुआती दो मुकाबलों को जीतकर टीम इंडिया ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पायदान पर मौजूद है। वहीं, पाकिस्तानी टीम भी शुरुआती दो मुकाबले अपने नाम कर चुकी है, लेकिन नेट रन रेट में कमी की वजह से यह टीम दूसरे पायदान पर मौजूद है।

दोनों देश अब तक टी20 वर्ल्ड कप में 8 बार आमने-सामने आए हैं, जिसमें 7 मैच टीम इंडिया ने जीते, जबकि पाकिस्तान ने साल 2021 में इकलौती जीत हासिल की थी।