लखनऊ, 29 मार्च (आईएएनएस)। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने एनडीए पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एनडीए के नेता तमिलनाडु में सरकार बनाने का सपना देख रहे है लेकिन उनको पता नहीं है कि फिर से एमके स्टालिन मुख्यमंत्री बनने जा रहे है।
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, “हमारा गठबंधन पूरी तरह से एकजुट है और हम अपने सहयोगियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। तमिलनाडु में हम वर्तमान मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि इंडी गठबंधन अच्छा प्रदर्शन करेगा।”
भाजपा पर निशाना साधते हुए सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि तमिलनाडु में भाजपा-एआईएडीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन को हार मिलने वाली है, इसीलिए लोगों को गुमराह करने के लिए नए षड्यंत्र रचने का प्रयास कर रहे हैं। तमिलनाडु की जनता इनके बहकावे में नहीं आने वाली है। जनता को भी पता है कि देश का क्या हाल हो गया है और अगर उनके यहां एनडीए की सरकार बनती है तो क्या हो सकता है।
उन्होंने कहा कि एमके स्टालिन ने जितना विकास तमिलनाडु में किया है, उतना किसी ने नहीं किया है। अभी हाल ही में उन्होंने विदेश के लोगों को अपने यहां काम करने के लिए कहा है, जिससे तमिलनाडु का विकास और तेजी से होगा। साथ ही, स्थानीय लोगों को अधिक से अधिक रोजगार मिल सकेगा। एमके स्टालिन हमेशा जनता के हित में काम करते हैं, इसीलिए फिर से सत्ता में वापसी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एमके स्टालिन ने अपने कार्यकाल में जनता की समस्याओं का कम समय में निस्तारण किया है। इसीलिए जनता डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन को फिर से सत्ता में लाने वाली है।
बता दें कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक चरण में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और इसके नतीजे 4 मई को जारी किए जाएंगे। तमिलनाडु की कुल 234 विधानसभा सीट हैं। तमिलनाडु में कुल करीब 5.6 करोड़ वोटर हैं। इनमें लगभग 2.7 करोड़ पुरुष वोटर हैं और 2.8 करोड़ महिला वोटर शामिल हैं। इसके अलावा 7617 थर्ड जेंडर वोटर भी हैं, जो इस चुनाव में अपनी भागीदारी निभाएंगे।
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा, “विदेश मंत्रालय को नेपाल में हो रही घटनाओं पर बारीकी से नज़र रखनी चाहिए। नेपाल हमारा पड़ोसी देश है और हमारे उसके साथ गहरे सांस्कृतिक व ऐतिहासिक संबंध हैं। भारत सरकार को नेपाल को अलग-थलग नहीं करना चाहिए।”




