तमिलनाडु में सलेम के पास भीषण सड़क हादसे में दो बच्चों समेत सात की मौत

0
6

सलेम, 20 मार्च (आईएएनएस)। तमिलनाडु में सलेम के पास उथमसोलपुरम में हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो बच्चों समेत सात लोगों की जान चली गई। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ईरोड से सलेम जा रही एक सरकारी बस कथित तौर पर चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और विपरीत लेन में चली गई। इसके बाद अनियंत्रित बस सूलाईमेडु के पास एक मिनी मालवाहक वाहन से टकरा गई।

इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे, उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से कुछ ने बाद में गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की कुल संख्या 7 हो गई। पांच वर्ष की निथिशका, 11 महीने की जीविका के अलावा मणिकंदन, इरुसयी, सेल्वराज, अमुथा और मुरुगन की हादसे में जान चली गई।

हादसे की जानकारी होते ही सलेम की जिला कलेक्टर वृंदा देवी और पुलिस अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया और जांच की। दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच जारी है। दुर्घटना में शामिल सरकारी बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

बता दें कि तमिलनाडु में ऐसा पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी कई बड़ी दुर्घनाएं हो चुकीं हैं। बीते महीने 24 फरवरी को सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई थी। जबकि कम से कम 10 अन्य लोग घायल हो गए थे। चेन्नई-तिरुवल्लूर रोड पर वेल्लानूर इलाके के पास जैसे ही एक मिनी बस पहुंची तो हादसे का शिकार हो गई थी।

इसी साल 10 जनवरी को भीषण सड़क हादसा हो गया था। तमिलनाडु के मेट्टूर इलाके के वनवासी क्षेत्र में गुरुवार देर रात सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। यह हादसा ऑटो और दोपहिया वाहन के बीच आमने-सामने टक्कर से हुआ था।