तीन दिन, पांच राज्य: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का मेगा चुनावी अभियान

0
5

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान असम, तमिलनाडु, केरल, राजस्थान और पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे, जहां वे चुनावी सभाओं के जरिए भाजपा के संगठनात्मक ढांचे और किसान-केंद्रित एजेंडे को मजबूती देंगे।

शिवराज सिंह चौहान 5 अप्रैल को असम में बोकोखाट और नदुआर विधानसभा क्षेत्रों की जनसभाओं से शुरुआत कर तमिलनाडु के कोयंबटूर क्षेत्र तक पहुंचेंगे, जबकि 6 अप्रैल को केरल के पलक्कड़ जिले के कन्नाडी पंचायत क्षेत्र में सार्वजनिक कार्यक्रम और प्रेस मीट के माध्यम से दक्षिण में पार्टी के अभियान को धार देंगे। इसके बाद वे राजस्थान और 9 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर पूर्व से दक्षिण और पश्चिम तक भाजपा की चुनावी मौजूदगी को और विस्तार देंगे।

केंद्रीय मंत्री के प्रवास कार्यक्रम के अनुसार, 5 अप्रैल को सुबह वे दिल्ली से गुवाहाटी के लिए रवाना होंगे और वहां से हेलिकॉप्टर द्वारा बिहोरा एयर स्ट्रिप पहुंचकर बोकोखाट विधानसभा क्षेत्र के बिहोरा टी एस्टेट मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां भाजपा उम्मीदवार अतुल बोरा के समर्थन में वे मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगे। इसके बाद वे सोनितपुर जिले के तहत आने वाले तुपिया पंचगांव मिनी स्टेडियम पर उतरकर नदुआर विधानसभा क्षेत्र के रंगाचकुआ मैदान में दूसरी चुनावी सभा करेंगे, जहां पार्टी के उम्मीदवार पद्म हजारिका के पक्ष में वोट की अपील की जाएगी और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बूथ स्तर तक की रणनीति पर विमर्श होगा।

असम में कार्यक्रमों के उपरांत केंद्रीय मंत्री गुवाहाटी लौटकर वहां से फ्लाइट के माध्यम से बेंगलुरु पहुंचेंगे, जहां रात में ठहरने के दौरान बेंगलुरु और आसपास स्थित आईसीएआर संस्थानों की समीक्षा बैठक करेंगे, जिससे कृषि अनुसंधान और जमीनी स्तर पर उसकी उपयोगिता पर फोकस रखा जाएगा।

इसके बाद, 6 अप्रैल की सुबह शिवराज सिंह बेंगलुरु से कोयंबटूर के लिए रवाना होंगे, जहां से आगे का कार्यक्रम तमिलनाडु के चुनावी परिदृश्य और संगठनात्मक दृष्टि से तय किया गया है, जिसके तहत कोयंबटूर और आसपास के क्षेत्रों में पार्टी पदाधिकारियों से संपर्क और मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने की कवायद रहेगी। केरल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 6 अप्रैल को केंद्रीय मंत्री का पूरा दिन पलक्कड़ जिले में केंद्रित रहेगा, जहां वे कोयंबटूर एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर द्वारा मरसी कॉलेज ग्राउंड, पलक्कड़ पहुंचेंगे और कन्नाडी पंचायत के कडुथुरुथी ग्राउंड में सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, जो पलक्काड़ विधानसभा सीट की भाजपा उम्मीदवार शोभा सुरेन्द्रन के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में स्थानीय नेतृत्व के साथ वे केंद्र सरकार की किसान कल्याण और ग्रामीण विकास की योजनाओं, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर पार्टी की प्रतिबद्धताओं को रेखांकित करेंगे और इसके बाद पलक्कड़ के केपीएम होटल में आयोजित प्रेस मीट में मीडिया से संवाद करेंगे, फिर दोपहर बाद पुनः मरसी कॉलेज ग्राउंड से हेलिकॉप्टर द्वारा कोयंबटूर लौटेंगे।

राजस्थान प्रवास के दौरान केंद्रीय शिवराज सिंह चौहान 7 अप्रैल को जयपुर में पश्चिमी क्षेत्र के पहले जोनल कृषि सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा के प्रतिनिधि कृषि क्षेत्र की चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तृत मंथन करेंगे। इस सम्मेलन में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, संबद्ध राज्यों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ कृषि अधिकारी, वैज्ञानिक, प्रगतिशील किसान, किसान संगठन, एफपीओ, स्टार्टअप और निजी क्षेत्र के प्रतिनिधि एक ही मंच पर बैठकर आत्मनिर्भर दलहन मिशन, राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन, प्राकृतिक खेती मिशन, डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन सहित केंद्र की प्राथमिक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे और स्थानीय जमीनी अनुभवों के आधार पर आने वाले वर्षों के लिए रोडमैप तैयार करेंगे, ताकि पश्चिम भारत में किसानों की आय वृद्धि, तकनीक और नवाचार आधारित खेती तथा मूल्य श्रृंखला के सुदृढ़ीकरण की दिशा में केंद्र–राज्य साझेदारी से बदलाव का नया अध्याय शुरू हो सके।

पश्चिम बंगाल में अपने चुनावी प्रवास के दौरान शिवराज सिंह चौहान 9 अप्रैल को राज्य के उन इलाकों में सभाएं और संपर्क कार्यक्रम करेंगे, जहां कृषि, चाय बागान, मत्स्य पालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े बड़े वर्ग तक भाजपा अपना संदेश पहुंचाना चाहती है।