तेजस्वी के बयान पर नीरज कुमार का पलटवार, नीतीश कुमार पर कोई दबाव नहीं डाल सकता

0
8

पटना, 6 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर राजद नेता तेजस्वी यादव के आरोपों को जदयू नेता नीरज कुमार ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री पर कोई दबाव नहीं डाल सकता है। किसी में इतनी हिम्मत नहीं कि वे नीतीश कुमार पर दबाव डालकर फैसले करवाएं। नीतीश कुमार वर्षों से अपने फैसले स्वयं लेते हैं।

नीतीश कुमार ने गुरुवार को एक्स पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी कि वे राज्यसभा जाना चाहते हैं और उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन पत्र भी दाखिल किया।

इसके बाद राजद नेता तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सीएम को हाईजैक कर लिया। मजबूरी के कारण सीएम ने बिहार छोड़कर दिल्ली जाने का फैसला किया।

जदयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव को अपने पिता की चिंता करनी चाहिए जो राजनीतिक रूप से नजरबंद हैं। जिन पर भ्रष्टाचार के मामले चल रहे हैं। उन्हें नीतीश कुमार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। वे फैसले किसी दबाव में नहीं बल्कि स्वतंत्र होकर लेते हैं।

जदयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के फैसले से प्रदेश की महिलाएं मर्माहत हैं। उन्हें चिंता हो रही है कि शराबबंदी, सुरक्षा को लेकर जो नीतीश राज में कार्य हो रहा था, क्या वे आगे भी जारी रहेगा। नीतीश कुमार ने हर जिले में इंडस्ट्रियल हब बनाने की जो परिकल्पना की थी, उसका क्या होगा?

नीरज कुमार ने कहा कि जनता के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं और मुझे लगता है कि इस बीच जनता के मन में जो विश्वास की डोर कमजोर हुई है, उसे मजबूत करने के लिए एनडीए के घटक दलों को आगे आना होगा।

उन्होंने कहा कि जनता के मन में सवाल उठ रहा है कि नीतीश कुमार के बाद उनकी विरासत को कौन संभालेगा। यह सवाल जनता को सुलझाना है, लेकिन इस सवाल को सुलझाने में एनडीए के घटक दलों की जिम्मेदारी भी बनती है।