थकान को कहें अलविदा! बीटरूट जूस से पाएं दिनभर ताजगी और नेचुरल ग्लो

0
5

नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। आजकल हम अपनी लाइफस्टाइल में इतने बिजी हो गए हैं कि अक्सर हमारी एनर्जी लेवल कम हो जाती है और स्किन भी थकी-थकी दिखने लगती है। ऐसे में रोजाना दिन की शुरुआत एक गिलास चुकंदर (बीटरूट) जूस पीने के साथ करना काफी फायदेमंद हो सकता है।

बीटरूट जूस एक ऐसा सुपरफूड है जो आपको दिनभर एनर्जी देने के साथ ही नेचुरल ग्लो भी देता है। बीटरूट में मौजूद नैचुरल नाइट्रेट्स ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाते हैं, जिससे शरीर के हर सेल तक ऑक्सीजन और न्यूट्रिएंट्स आसानी से पहुंचते हैं। इससे आपका मस्तिष्क और शरीर पूरे दिन एनर्जेटिक रहते हैं।

यह सिर्फ एनर्जी ही नहीं बढ़ाता, बल्कि यह स्किन के लिए भी बेहद फायदेमंद है। इसके एंटीऑक्सिडेंट्स और विटामिन्स त्वचा को अंदर से साफ करते हैं और उसे नेचुरल ग्लो देते हैं। अगर आपकी स्किन डल और थकी-थकी लगती है, तो रोजाना बीटरूट जूस पीने से आप अंदर से डिटॉक्स हो जाएंगे और आपकी त्वचा में निखार आ जाएगा। आप चाहें तो इसमें थोड़ी गाजर और सेब भी मिला सकते हैं। गाजर में मौजूद बीटा-कैरोटीन स्किन को हेल्दी बनाए रखता है और सेब में फाइबर और विटामिन्स होते हैं जो शरीर को पूरी तरह पोषण देते हैं।

बीटरूट जूस दिल की सेहत के लिए भी बहुत अच्छा है। इसके नियमित सेवन से ब्लड प्रेशर कंट्रोल में रहता है और दिल को स्ट्रॉन्ग बनाए रखता है। इसके अलावा, यह जूस आपके लिवर को भी साफ करता है और शरीर में जमा टॉक्सिन्स को बाहर निकालता है। लिवर डिटॉक्स होने से शरीर की एनर्जी बढ़ती है और आप खुद को हल्का और ताजगी भरा महसूस करते हैं।

अगर आप चाहते हैं कि आपका दिन एनर्जेटिक और प्रोडक्टिव रहे, तो सुबह-सुबह एक गिलास बीटरूट जूस पीना बहुत फायदेमंद है। इसे किसी फ्रेश जूसर में बीटरूट, एक छोटा सा सेब और थोड़ी गाजर डालकर बना सकते हैं। स्वाद के लिए आप नींबू या थोड़ा अदरक भी डाल सकते हैं। ये छोटे-छोटे ट्विस्ट जूस को स्वादिष्ट बनाने के साथ-साथ उसके गुणों को भी बढ़ा देते हैं।