थॉमस और उबेर कप के ‘ग्रुप-ए’ में भारत की पुरुष और महिला टीमें

0
9

नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। उबेर कप बैडमिंटन टीम चैंपियनशिप 24 अप्रैल से 3 मई तक डेनमार्क के हॉर्सेंस में आयोजित होगी। इस चैंपियनशिप के ग्रुप चरणों में भारतीय पुरुष और महिला टीमों को एक अच्छा ड्रॉ मिला है।

भारत की महिला और पुरुष टीमें व्यक्तिगत खिलाड़ियों की विश्व रैंकिंग के आधार पर टूर्नामेंट में आठवीं वरीयता प्राप्त हैं, जिनको ग्रुप ए में मौजूदा चैंपियन और शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन के साथ रखा गया है।

2022 थॉमस कप चैंपियन भारत, ग्रुप-ए से दो क्वार्टर फाइनल स्थानों में से एक पर कब्जा करने का प्रबल दावेदार होगा, जिसमें पैन एम चैंपियन कनाडा और ओशिनिया चैंपियन ऑस्ट्रेलिया भी शामिल हैं।

हालांकि, महिला टीम के लिए नॉकआउट चरणों तक पहुंचने का रास्ता थोड़ा मुश्किल है, क्योंकि उन्हें यूरोपीय टीम चैंपियनशिप की उपविजेता डेनमार्क और कांस्य पदक विजेता यूक्रेन के साथ रखा गया है।

जहां भारतीय पुरुषों ने थॉमस कप के 2022 संस्करण को जीतकर इतिहास रचा था, वहीं महिला टीम ने 2014 और 2016 संस्करणों में कांस्य पदक जीता था। आगामी थॉमस कप टूर्नामेंट का 34वां संस्करण होगा, जबकि उबेर कप अपने 31वें संस्करण के लिए वापसी कर रहा है। प्रत्येक टूर्नामेंट में 16 टीमें प्रतिस्पर्धा करेंगी और उन्हें चार-चार टीमों के चार समूहों में विभाजित किया जाएगा।

प्रत्येक समूह की टीमें एक-दूसरे के खिलाफ ऐसे मुकाबलों में खेलेंगी जिनमें पांच मैच शामिल होंगे- तीन एकल और दो युगल। प्रत्येक समूह से शीर्ष दो देश क्वार्टर फाइनल में आगे बढ़ेंगे।

भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) के महासचिव संजय मिश्रा ने इस प्रतिष्ठित टीम चैंपियनशिप के ड्रॉ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हमें एक अच्छा ड्रॉ मिला है। हमारे पास थॉमस कप और उबेर कप दोनों प्रतियोगिताओं में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने का मौका है। हमारे पास एक मजबूत टीम है जिसने यह साबित कर दिया है कि वह किसी भी शीर्ष टीम को हरा सकते हैं। क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद कुछ भी संभव है।”

थॉमस कप के ग्रुप:

ग्रुप ए: चीन, भारत, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया।

ग्रुप बी: जापान, मलेशिया, इंग्लैंड, फिनलैंड।

ग्रुप सी: चीनी ताइपे, डेनमार्क, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, स्वीडन।

ग्रुप डी: इंडोनेशिया, फ्रांस, थाईलैंड, अल्जीरिया।

उबेर कप के ग्रुप:

ग्रुप ए: चीन, भारत, डेनमार्क, यूक्रेन।

ग्रुप बी: जापान, मलेशिया, तुर्किये, साउथ अफ्रीका।

ग्रुप सी: चीनी ताइपे, इंडोनेशिया, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया।

ग्रुप डी: दक्षिण कोरिया, थाईलैंड, बुल्गारिया, स्पेन।