टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान को 8वीं बार भारत देगा शिकस्त: कृष्णा हेगड़े

0
5

मुंबई, 14 फरवरी (आईएएनएस)। शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने भारत-पाक के बीच होने वाले मैच को लेकर दावा किया है कि भारत इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को 8वीं बार करारी शिकस्त देगा।

टी-20 विश्व कप में रविवार को श्रीलंका के कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होना है। इस मैच को लेकर भारतीय फैंस जितना उत्साहित हैं, उतना ही सियासी गलियारों में भी इस मैच को लेकर काफी चर्चा है। शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने दावा किया है कि भारत इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को 8वीं बार करारी शिकस्त देगा।

मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने कहा कि भारत के लोग उम्मीद करेंगे कि भारत एक बार फिर मैच जीतेगा। उन्होंने कहा कि भारत इस बार पाकिस्तान के खिलाफ मैच ही नहीं जीतेगा, बल्कि अपनी शानदार प्रदर्शन के दम पर विश्व कप का खिताब भी अपने नाम करेगा। भारत ऐसा करके एक रिकॉर्ड भी अपने नाम करेगा, क्योंकि कोई भी टीम लगातार दो बार विश्व कप नहीं जीती है। भारत इस बार टी-20 विश्व कप का खिताब जीतकर यह रिकॉर्ड भी बनाएगा। शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने भारतीय टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत ने कई बार पाकिस्तान पर विजय हासिल की है। भारत ने अब तक टी-20 विश्व कप के टूर्नामेंट में सात बार पाकिस्तान का शिकार किया है।

आठवीं बार हमारी टीम एक बार फिर जीतने के लिए तैयार है। भारतीय फैंस चाहते हैं कि भारत पाकिस्तान को हराकर ही दम लें। शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने कहा कि भारत दो बार टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर चुका है। लेकिन, इस बार भारत के पास तीसरी बार खिताब अपने नाम करने का मौका है। हमारी टीम काफी मजबूत है, भारतीय फैंस को उम्मीद है कि हमारी टीम इस टूर्नामेंट को जीतकर इतिहास रचेगी।

उन्होंने कहा कि टीम इंडिया की सफलता है कि देशभर में दुआओं का दौर शुरू हो चुका है। सभी भारतीय फैंस चाहते हैं कि टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करे। पाकिस्तान को भारत के सामने हार का मुंह देखना पड़े। भारतीय टीम को हमारी ओर से ढेर सारी शुभकामनाएं।