टीएमसी का कुशासन समाप्त होने वाला है, ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल की हालत को किया बदतरः राजनाथ सिंह

0
6

बैरकपुर, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान से पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रचार की कमान संभाली। रक्षा मंत्री ने बैरकपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए टीएमसी पर जमकर निशाना साधा और अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

राजनाथ सिंह ने कहा, “अब यह निश्चित है कि तृणमूल कांग्रेस और उसके कुशासन का युग समाप्त हो रहा है और भारतीय जनता पार्टी यहां सत्ता में आएगी। भाजपा की सरकार बनने के बाद बंगाल को सशक्त और विकसित बनाएंगे। भाजपा की सरकार आएगी तो बंकिम बाबू के घर को टूरिस्ट स्पॉट बनाया जाएगा, जहां लोग उनके इतिहास को देख पाएंगे।”

राजनाथ सिंह ने कहा, “बंकिम चंद्र के ‘वंदे मातरम’ के माध्यम से उन्होंने पूरे देश को याद दिलाया कि भारत कितना महान था, कितना महान है और कितना महान हो सकता है। अगर किसी ने इस जागरूकता को फैलाने का काम किया है, तो वह बंकिम चंद्र ही थे। बंकिम चंद्र ने ‘वंदे मातरम’ गीत के माध्यम से भारत की भावना को प्रेरित किया। जब देश अंधकार में डूबा हुआ था, तब कुछ लोगों ने छोटे-छोटे दीपक जलाए, लेकिन बंकिम चंद्र ने सिर्फ एक दीपक नहीं जलाया, उन्होंने पूरे देश में क्रांति की चिंगारी प्रज्वलित की।”

राजनाथ सिंह ने कहा, “पहले पश्चिम बंगाल के लोग हर मामले में आगे रहते थे, लेकिन अब टीएमसी की सरकार में लगातार पिछड़ता जा रहा है। भारत का हर राज्य निवेश में आगे जा रहा है, लेकिन पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ऐसा होने नहीं दे रही हैं। हर राज्य में उद्योगों को बढ़ावा मिल रहा है, जबकि बंगाल में पहले स्थापित फैक्ट्रियां भी बाहर जा रही हैं। पश्चिम बंगाल में उद्योगपति निवेश करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।

रक्षा मंत्री ने ममता बनर्जी से सवाल पूछते हुए कहा, “आप तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकी हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए क्या किया है? लोगों पर अत्याचार किया है और विकास को अवरुद्ध किया है। तीन बार कार्यकाल के बाद पश्चिम बंगाल के हालत को बद से बदतर कर दिया है।”