पटना, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने टीएमसी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के कार्यकर्ता लगातार गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा, “अब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सियासत का अंत समय आ गया है।”
दिलीप जायसवाल ने इस दौरान राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आईएएनएस से कहा, “राहुल गांधी अबोध बालक हैं। उनकी उम्र के अनुसार उनकी बुद्धि का विकास नहीं हुआ है। वे कभी-कभी देश विरोधी बातें भी कह देते हैं। उन्हें इस देश से प्यार नहीं है।”
वहीं, जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार, ओडिशा और बंगाल का एक खास संबंध रहा है। उन्होंने कहा, “एक बिहारी सब पर भारी। अगर बिहार के लोग बंगाल जाते हैं तो वहां परेशानी होती है, लेकिन बंगाल के लोग बिहार में रहते हैं तो कोई समस्या नहीं होती।”
जदयू प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि ममता बनर्जी अपने कामों की चर्चा नहीं करती हैं और सिर्फ राजनीति करती हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा, “राहुल गांधी राजनीति के फ्रीलांसर हैं। वे कब, कहां और किस रूप में दिखाई देंगे, यह वही जानते हैं।”
इसी मुद्दे पर बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश की सुरक्षा और अखंडता से जुड़ा हुआ है। यह चुनाव इस बात का है कि पश्चिम बंगाल के लोगों को किस तरह लाभ मिलेगा। वहां घुसपैठियों के सहारे सरकार चलाई जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है और तानाशाही का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव तानाशाही को खत्म करने का अवसर है। उनका दावा था कि पश्चिम बंगाल की जनता अब ममता बनर्जी की सरकार को वोट नहीं देना चाहती।
उन्होंने कहा, “अगर वहां एनडीए की सरकार बनती है, तो बंगाल की गरिमा कायम होगी। हम सभी चाहते हैं कि वहां एनडीए की सरकार बने, जिससे वहां की जनता की इच्छा पूरी हो सके।”


