यूके के मंत्री कनिष्क नारायण 20 साल के बाद लौटे बिहार, पटना में संजय झा ने किया स्वागत

0
8

पटना, 21 फरवरी (आईएएनएस)। यूनाइटेड किंगडम के एआई मंत्री कनिष्क नारायण ने बिहार का दौरा किया है। वे लगभग 20 साल के बाद अपने जन्मस्थान मुजफ्फरपुर पहुंच रहे हैं। शुक्रवार सुबह पटना पहुंचने पर उन्होंने जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा से मुलाकात की।

यूके के मंत्री कनिष्क नारायण ने पटना में मीडिया से बात करते हुए कहा, “बिहार में आकर सच में बहुत खुशी हो रही है, क्योंकि मेरा जन्म यहीं हुआ था और 20 साल से अधिक समय बाद मैं यहां वापस आया हूं। आप यहां हुई प्रगति को देख सकते हैं। हम प्रौद्योगिकी के भविष्य की ओर अग्रसर हैं, यही हम ब्रिटेन में एआई के क्षेत्र में भी करने का प्रयास कर रहे हैं, इसलिए बिहार में आकर मुझे सच में बहुत खुशी हो रही है।”

संजय कुमार झा ने मुजफ्फरपुर के रहने वाले यूके के एआई मंत्री कनिष्क नारायण का अपने पटना स्थित आवास पर स्वागत किया। संजय झा ने कहा, “कनिष्क नारायण यूके में मंत्री हैं और वहां के नागरिक हैं। लेकिन वे बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं। वे 20 साल से अधिक समय के बाद मुजफ्फरपुर लौट रहे हैं।”

संजय झा ने बताया कि दोपहर में बिहार सरकार के अधिकारियों के साथ एआई मंत्री कनिष्क नारायण की मुलाकात होगी। एआई क्षेत्र में बिहार और यूके सरकार के बीच बातचीत बढ़ सकती है।

जदयू सांसद ने कहा, “आज सब कुछ ग्लोबल हो गया है और बिहार टेक्नोलॉजी के साथ इन सबका मुकाबला कर रहा है। हम देश और दुनिया में हर सेक्टर में अच्छा कर रहे हैं। बिहार में अब चीजें बदल गई हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यहां प्लेटफॉर्म तैयार किया है। अब आप जितनी ऊंची उड़ान भरना चाहें, उड़ सकते हैं। एआई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हेल्थ, एग्रीकल्चर और सर्विसेज में किया जा सकता है। बिहार एक एग्रीकल्चरल स्टेट है। मेरा मानना ​​है कि भविष्य में बिहार किसी भी दूसरे स्टेट से कम नहीं होगा।”