लखनऊ, 17 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यकाल की याद आ रही होगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में यूपी की कानून व्यवस्था की चर्चा देश में नहीं, दुनियाभर में होती है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि 2017 के बाद से प्रदेश की स्थिति बद से बदतर हो गई है।
लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव को अपने कार्यकाल की याद आ रही होगी, जब कानून व्यवस्था भगवान भरोसे होती थी। पूर्व सीएम के कार्यकाल में जेल से निकलकर कैदी सीधे डीजीपी से मिलते थे। इस तरह का कानून का राज था। यूपी में योगी आदित्यनाथ की सरकार में या तो अपराधी जेल में हैं या फिर कानून के खौफ से प्रदेश छोड़कर चले गए। आज यूपी में कानून व्यवस्था दुरुस्त है और दुनियाभर के लोग यूपी में निवेश कर रहे हैं। 40 लाख करोड़ रुपए का निवेश हो रहा है। सपा के समय में उद्योगपति यूपी छोड़कर भाग रहे थे, लेकिन भाजपा की सरकार में कानून का राज स्थापित है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था की तारीफ करते हुए मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि देश में नहीं, दुनिया में यूपी की कानून व्यवस्था की मिसाल दी जा रही है।
कांग्रेस का ‘जी राम जी’ को लेकर विरोध प्रदर्शन करने पर मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि कांग्रेस को स्कीम से समस्या नहीं है, उन्हें इसमें लिखे राम से परेशानी है। कांग्रेस तो ऐसी पार्टी रही है, जिसने अपने कार्यकाल में रामसेतु को मिटाने का प्रयास किया। कांग्रेस के लोग अयोध्या में श्री रामलला का दर्शन करने के लिए नहीं आते हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ऐसे नेता हैं, जिन्हें देश के विकास की बात पसंद नहीं है। वे दुनिया में जाकर भारत को अपमानित करने का काम करते हैं। देश के बाहर जाकर वे कुछ न कुछ बोलते हैं, जिससे भारत के मान-सम्मान को ठेस पहुंचती है।

