जम्मू, 12 फरवरी (आईएएनएस)। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की 50वीं बोर्ड बैठक में गुरुवार को ‘बाबा बर्फानी’ को समर्पित लेजर और साउंड शो को मंजूरी दी गई। यह शो श्रीनगर और जम्मू दोनों शहरों में आयोजित किया जाएगा और यह केंद्र शासित प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को उजागर करेगा।
बोर्ड ने यह भी घोषणा की कि 2026 की अमरनाथ यात्रा की प्रथम पूजा 29 जून को ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर की जाएगी। यात्रा की औपचारिक शुरुआत की तारीख जल्द तय की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने की, जो श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं।
बोर्ड ने 2026 की यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा और आध्यात्मिक अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने पंजीकृत यात्रियों, सेवा प्रदाताओं, अधिकारियों, मौसमी कर्मचारियों और पुजारियों के लिए दुर्घटना बीमा कवर 5 लाख रुपए से बढ़ाकर 10 लाख रुपए करने का निर्णय लिया।
बोर्ड ने श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड कर्मचारियों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को भी मंजूरी दी।
उपराज्यपाल ने अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर उपयुक्त शौचालय सुविधाएं स्थापित करने के लिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों, सेवा प्रदाताओं और सुरक्षा बलों के लिए ट्रैक पर शेल्टर शेड और वर्षा आश्रय बनाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यात्रा से जुड़े कई अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई, जिनमें यात्रा संबंधी जानकारी का प्रचार, खच्चरों के लिए बीमा कवर, ऑनलाइन और प्री-पेड सेवाओं का विस्तार, यात्रियों का पंजीकरण, आपदा प्रबंधन और बचाव उपाय, पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं, लंगर और स्वयंसेवी सेवाएं, दूरसंचार, बिजली आपूर्ति, मौसम पूर्वानुमान प्रणाली, सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था, सेवाएं लेने के लिए डिजिटल प्री-पेड सिस्टम, दोनों मार्गों पर संवेदनशील स्थानों पर क्रैश बैरियर और सुरक्षा रेलिंग लगाना तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति शामिल रही।
सीमा सड़क संगठन द्वारा यात्रा मार्गों के रखरखाव, पुनर्स्थापन और विकास की समीक्षा करते हुए बोर्ड को बताया गया कि बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों पर पर्याप्त चौड़ाई वाले ट्रैक बनाने में अच्छी प्रगति हुई है।
श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मनदीप के. भंडारी ने आगामी यात्रा की तैयारियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
बैठक में श्राइन बोर्ड के सदस्य स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज, प्रो. कैलाश मेहरा साधु, केके शर्मा, केएन राय, मुकेश गर्ग, डॉ शैलेश रैना, डॉ. सिमरिधि बिंद्रू, सुरेश हवरे और प्रो. विश्वमूर्ति शास्त्री उपस्थित रहे।

